दिल्ली से कश्मीर तक हाई अलर्ट, गणतंत्र दिवस पर आतंकी हमले की बड़ी साजिश
नई दिल्ली. देश जब 77वें गणतंत्र दिवस के जश्न की तैयारियों में डूबा हुआ है, ठीक उसी समय सरहद पार से एक खौफनाक साजिश की सुगबुगाहट ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। खुफिया इनपुट के अनुसार, पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने मिल कर भारत को दहलाने के लिए एक खतरनाक प्लान तैयार किया है, जिसे ऑपरेशन 26-26 का कोडनेम दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को मिली जानकारी के मुताबिक, इस साजिश का मकसद गणतंत्र दिवस के समारोहों में खलल डालना है। आतंकियों ने दिल्ली और जम्मू-कश्मीर को अपना मुख्य निशाना बनाने की साजिश रची है। दिल्ली पुलिस ने चित्र जारी किए हैं।
दिल्ली पुलिस ने जारी किए वांटेड पोस्टर
राजधानी दिल्ली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने कई संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति नजर आए, तो तुरंत इसकी सूचना दें। दिल्ली के प्रवेश द्वारों (बॉर्डर) पर सीसीटीवी कैमरों और फेस रिकग्निशन सॉफ्टवेयर के जरिए हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है।
कश्मीर में सुरक्षा घेरा सख्त
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, घाटी में भी सुरक्षा व्यवस्था को लोहे की दीवार जैसा मजबूत कर दिया गया है। खुफिया रिपोर्ट बताती है कि जैश के आतंकी घुसपैठ की कोशिश में हैं। सेना और अर्धसैनिक बलों ने संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए हैं। गणतंत्र दिवस की परेड वाले स्थानों को मल्टी-लेयर सुरक्षा घेरे में लिया गया है।

