बांग्लादेश हाई कमीशन ने भारत में वीजा सर्विस रोकी
नई दिल्ली. बांग्लादेश हाई कमीशन ने भारत में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने सभी वीजा और काउंसलर सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रोक अगले आदेश तक लागू रहेगी। इससे पहले अगरतला में बांग्लादेश कॉन्सुलेट भी वीजा सर्विस पर रोक लगा चुका है।

यह फैसला भारत विरोधी प्रदर्शनों के बाद लिया
वहीं, बांग्लादेश के गृह मंत्रालय ने यह भी कहा है कि इस बात की कोई पुख्ता जानकारी नहीं है कि उस्मान हादी की हत्या के आरोपी ने भारत में शरण ली है। रविवार को भारत ने सुरक्षा हालात को देखते हुए चटगांव स्थित अपने असिस्टेंट हाई कमीशन में वीजा सर्विसेज को बंद कर दिया था। यह फैसला भारत विरोधी प्रदर्शनों के बाद लिया गया था। चटगांव में भीड़ ने गुरुवार को भारतीय असिस्टेंट हाई कमिश्नर के आवास के पास पहुंच गई और पथराव भी किया। इसके अलावा खुलना, राजशाही और ढाका में भी भारतीय दफ्तरों के बाहर बड़े पैमाने पर भारत विरोधी नारे लगाए गए थे।

