Gwalior में हाड़ कंपाने वाली सर्दी का सितम
ग्वालियर. हिमालय क्षेत्र से आ रही ठंडी हवा से अंचल के तापमान में जबरदस्त गिरावट आई और प्रदेश में दिन का तापमान सबसे कम ग्वालियर में दर्ज किया गया। दिन का तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि शुक्रवार को यह तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पर था। यानी 4.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इससे दिन में लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। हालांकि रात का तापमान भी इस सीजन का सबसे कम 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में गिरावट आई
इस तापमान में भी शुक्रवार के मुकाबले 3.9 डिग्री सेल्सियस गिरावट आई। दिन का तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम और रात का तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आगामी 24 घंटे में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इससे अंचल में ठंड बढ़ सकती है। ग्वालियर में सुबह से मौसम साफ था और कोहरा भी नहीं था, लेकिन हिमालय क्षेत्र से आ रही बर्फ जैसी ठंडी हवाओं ने दिन को भी ठंडा कर दिया।

