फर्जी कागजातों से घांटीगांव में 20 बीघा कृषि भूमि बेची, 12 लोगों पर FIR दर्ज
ग्वालियर. घाटीगांव तहसील में फर्जी कागजात के आधार पर एक अज्ञात महिला ने अन्य लोगों के साथ मिलकर 20 बीघा कृषि भूमि बेच दी है। भूमि की वास्तविक मालकिन की शिकायत पर थाना विश्वविद्यालय पुलिस ने अज्ञात महिला समेत 12 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शारदाबिहार कॉलोनी निवासी सुधा सिंह पत्नी रामलखन सिंह सेंगर ने पुलिस को बताया कि मौजा ग्राम सेकरी, पटवारी हल्का नम्बर 13 बन्हेरी, तहसील घाटीगांव में उनकी करीब 20 बीघा कृषि भूमि है।
12 आरोपियों पर हुई एफआईआर
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर धारा 420 अन्य आपराधिक धाराओं में 12 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इन आरोपियों में जमीन बेचने वाली अज्ञात महिला के साथ-साथ भूमि के क्रेता और गवाह भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जिन लोगों पर एफआईआर दर्ज की गयी है। उनमें जितेन्द्र सिंह, उपेन्द्र रावत, हेमंत, मंगलसिंह, छत्रपाल, शैलेन्द्र शर्मा, हाकिम सिंह रावत, वीरेन्द्र सिंह, अरविंद, दिनेश रावत, किरण बाई और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है।
सुधा सिंह के अनुसार, किसी अज्ञात महिला ने यह जानते हुए कि यह भूमि उसकी नहीं है, धोखाधड़ी से कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत किए। उसने ग्वालियर के रजिस्ट्रार कार्यालय में उपस्थित होकर उनकी जमीन बेच दी। जब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला, तो उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

