खेत की मेढ़ को लेकर डंण्डे, लाठी और कुल्हाडी, एक ही परिवार के 2 पक्षों के बीच पथराव, 11 लोगों पर FIR

ग्वालियर. खेत की मेढ़ को लेकर एक ही परिवार के 2 पक्ष आमने-सामने आ गये। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से रिश्तेदारों को बुला लिया गया। रात में जमकर पथराव हुआ। लाठी और कुल्हाड़ी से भी हमला किया गया। जिसमें दोनों पक्षों के 9 लोग घायल हो गये। हमलावरों और घायलों में महिलायें भी शामिल है।
घटना तिघरा थाना इलाके के कुलैथ गांव में सोमवार की शाम की है। खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालात पर काबू पाकर घायलों को उपचार के लिये अस्पताल के लिये भेजा गया है। किसी के गंभीर रूप् से जख्मी न होने से पुलिस ने राहत की सांस ली। मामले में पुलिस ने दोनों ओर के 11 लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया गया है।
क्या है मामला
ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र के कुलैथ गांव में रहने वाले पन्नालाल पुत्र मोहन सिंह कुशवाह और पड़ोसी नरेश सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह कुशवाह एक ही परिवार से जुड़े हैं। जमीन के बंटवारे के बाद से दोनों परिवारों के बीच खेत की मेढ़ को लेकर विवाद चल रहा था। मेढ़ टूटने की घटनाओं को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे, जिससे आए दिन कहासुनी होती रहती थी। सोमवार को इसी बात पर फिर विवाद शुरू हुआ कि खेत की मेढ़ क्यों तोड़ी गई। कुछ ही देर में झगड़ा बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी, डंडे, सरिया और कुल्हाड़ी निकल आईं। शाम होते-होते कुलैथ गांव मानो अखाड़ा बन गया। दोनों पक्षों ने जमकर लाठियां और धारदार हथियार चलाए, जिसमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल रहीं। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां भी तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इन पर हुई एफआईआर
तिघरा के कुलैथ गांव में 2 ओर के विवाद में पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है। जिसमें एक ओर से फरियादी नरेश कुशवाह की शिकायत पर आरोपीगण हरीसिंह, पन्नालाल, श्यामसिंह, भूरा और हेमसिंह कुशवाह आदि पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से फरियादी पन्नालाल कुशवाह की शिकायत पर द्वारिकाप्रसाद, रवि, सूरज, नरेश, उदय व राजयादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *