ग्वालियर में 3 साल से कागजों में अटके ई-चार्जिंग स्टेशन

ग्वालियर. शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या निरंतर बढ रही है। निगम भी इलेक्ट्रिक वाहन खरीद रहा है लेकिन ई वाहनों को चार्ज करने के लिए नगर निगम द्वारा पांच स्थानों पर बनाए जा रहे चार्जिंग स्टेशन तीन साल से कागजों में ही अटके है। जिन दो स्थानों पर बनाए गए है वह भी शुरू नहीं हो पाए। इससे शहरवासियों को ई चार्जिंग का लाभ नहीं मिल रहा। ज्यादातर वाहन घरों में ही चार्ज हो रहे है। वहीं प्राइवेट संस्थान द्वारा जिन तीन स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए गए है जो कि पूरी तरह से फ्री है। जिले में दो पहिया इलेक्ट्रिक वाहन 11199 और चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहन 390 है।
स्क्रैप विवाद के बाद एमआईसी ने अटकाए
बता दें कि 15वें वित की 1.79 करोड रुपए से चार्जिंग स्टेशन बनने थे लेकिन तीन साल से बिजली कंपनी व नगर निगम के बीच स्क्रैप के पैसे जमा करने को लेकर चल रहा विवाद चल रहा था। जैसे-तैसे विवाद खत्म हुआ तो एमआईसी ने कमियां बताते हुए प्रस्ताव वापस कर दिया। बाद में फिर एमआईसी ने रेट तय करने और विवाद से बचने के लिए प्रस्ताव को निगम परिषद की ओर भेज दिया है।
टेंडर में शुरू से ही गडबडियां थी
जानकारों के अनुसार लेटिस कंपनी द्वारा 2023 में डाले गए टेंडर में शुरू से ही काफी गडबडियां थीं। टेंडर प्रक्रिया में ही ज्वॉइंट वेंचर पर संबंधित के सिग्नेचर नहीं थे। आईएसओ 27001ः2013 का सर्टिफिकेट नहीं था और एलेक्सर पर भी साइन नहीं थे। तमाम कमियों के बाद भी टेंडर ओपर करते हुए अफसरों ने लेटिस कंपनी को काम सौंप दिया। निगम आयुक्त के पास शिकायत पहुंची तो जांच करने वाले अधिकारी ने भी नोटशीट पर वहीं कमियां लिखकर बताईं।
फिर भी मेहरबानी
उसके बाद भी अफसरों व कंपनी ने नियमों को दरकिनार कर पांच स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाने के साथ ही मशीनों का इंस्टॉलेशन करा दिया और ट्रांसफार्मर रखने व विद्युत कनेक्शन के बाद कंपनी ने 20 से 22 जून तक तरण पुष्कर पर ट्रायल भी करा दिया था। लेकिन चार्जिंग स्टेशन आज तक चालू नहीं हुए हैं।
पार्किंग में 2-2, अन्य जगह 1-1 मशीन लगाईं
चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए पूर्व में सात मशीनें ग्वालियर भेजी गई थीं। इसमें मल्टीलेवल पार्किंग कम्पू मल्टीलेवल पार्किंग सालासर सिटी सेंटर में दो-दो, तरण पुष्कर सिटी सेंटर एक, क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-1 बहोड़ापुर व कलेक्ट्रेट गेट के पास एक-एक मशीन इंस्टॉलेशन की है। जिन स्टेशन पर दो-दो मशीन लगाई वहां चार-चार गाड़ी व एक-एक स्टेशन पर दो-दो गाड़ी चार्ज हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *