केन्द्रीय मंत्री ने लिया निर्माणाधीन “अटल स्मारक” का जायजा
गुणवत्ता व पूरी भव्यता के साथ जल्द से जल्द स्मारक का काम पूर्ण कराने के दिए निर्देश
ग्वालियर – शहर की सुरम्य सिरोल पहाड़ी पर भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में तेजी के साथ भव्य “अटल स्मारक” आकार ले रहा है। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को निर्माणाधीन अटल स्मारक का जायजा लिया। उन्होंने गुणवत्ता के साथ अटल स्मारक के सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश कार्य एजेंसी को दिए। राज्य शासन ने अटल स्मारक के निर्माण के लिये लगभग 20 करोड़ रूपए की राशि मंजूर की गई है। लगभग 10 एकड़ में यह स्मारक निर्माणाधीन है।
निरीक्षण के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अटल स्मारक का निर्माण पूरी भव्यता के साथ किया जाए। यहाँ पर अटलजी के जीवन से जुड़ीं स्मृतियाँ संजोई जायेंगीं। यह स्थल देश के आध्यात्मिक केन्द्र के रूप में स्थापित होगा। साथ ही यहाँ पर लोगों को अटलजी के जीवन के संबंध में जीवंत अनुभव मिलेगा।
पौधा भी रोपा
केन्द्रीय मंत्री ने अटल स्मारक परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ यहाँ पर वट वृक्ष का पौधा रोपा।