Uncategorized

ग्वालियर – चंबल संभाग में दिसम्बर माह तक सभी एकल नल जल योजनाओं का कार्य पूर्ण करें -पी. नरहरि 

ग्वालियर – हर घर को शुद्ध एवं पर्याप्त जल टोंटी के माध्यम से उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिये नल-जल योजना के तहत प्रदेश भर में कार्य किया जा रहा है। दिसम्बर 2025 तक सभी एकल नल जल योजनाओं को पूर्ण किया जाए। जहाँ पर भी पेयजल का स्त्रोत असफल है अथवा नहीं है वहाँ शीघ्र स्त्रोत निर्माण का कार्य करें। नल-जल योजनाओं के कार्य को अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें। इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का काम लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पी नरहरि ने शुक्रवार को ग्वालियर एवं चंबल संभाग में नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक में यह बात कही।
प्रमुख सचिव ने समीक्षा के दौरान कहा कि नल जल योजना के तहत ग्वालियर एवं चंबल संभाग में और तेजी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। भिण्ड एवं मुरैना में अपूर्ण योजनाओं को तेजी के साथ पूर्ण किया जाए। दोनों संभाग में जहाँ भी एकल नल जल योजना का कार्य शेष रह गया है वहाँ पर 25 दिसम्बर 2025 तक योजना का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। नल जल योजनाओं के निर्माण, योजनाओं के हस्तांतरण एवं मेंटेनेंस का कार्य तेजी के साथ हो। विभागीय अधिकारी प्रत्येक सोमवार को जिला कलेक्टरों द्वारा आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में भी नल जल योजनाओं की समीक्षा कराएं और जो भी परेशानी आ रही हो उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सभी मैदानी अधिकारी सभी जल स्त्रोतों के आसपास, हैंडपंप, पीएचई के सभी कार्यालयों के आसपास, सफाई का विशेष कार्य भी अनिवार्यत: करें। किए गए कार्यों की रिपोर्ट भी शासन स्तर पर प्रेषित की जाए। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने बैठक के दौरान कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग में नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कराया जायेगा। जिन जिलों में योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति नहीं हैं वहाँ पर तेजी के साथ कार्य हो यह भी सुनिश्चित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *