अन्याय के खिलाफ करेंगे संघर्ष और सफलता की लिखेंगे कहानी-जिलाध्यक्ष

ग्वालियर कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव का आज नई दिल्ली से ग्वालियर आगमन कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने जगह-जगह भव्य स्वागत कर अपनी खुशी और उत्साह व्यक्त किया। स्वागत रैली रेल्वे स्टेशन से प्रारंभ होकर, पड़ाव, वीरंगना लक्ष्मीबाई प्रतिमा, चौपाटी, फूलबाग, गुरूद्वारा, नदीगेट, इंदरगंज, दालबाजार, नया बाजार, कम्पू, रॉक्सी, महाराज बाड़ा, सर्राफा बाजार, राम मंदिर, फालका बाजार, छप्परवाला पुल, शिंदे की छावनी से होती हुई कांग्रेस भवन, शिंदे की छावनी पहुँची।
रैली में शामिल हजारों कांग्रेसजनों ने नारों से पूरे शहर का माहौल कांग्रेसमय बना दिया। ज्ञात रहे कि हाल ही में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को दिल्ली बुलाकर संगठन को और अधिक गति देने तथा आगामी रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। इसी बैठक में शामिल होने के बाद सुरेन्द्र यादव आज ग्वालियर लौटे हैं। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और कांग्रेस संगठन को मज़बूत बनाने के संकल्प को दोहराया।
स्वागत रैली के समापन पर कांग्रेस भवन पहुंचकर अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों का प्रतीक है। दिल्ली में माननीय लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस हाईकमान ने हमें जो भरोसा दिया है, वह केवल मेरे लिए नहीं बल्कि पूरे ग्वालियर जिले के कांग्रेस परिवार के लिए है। कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि यह विचारधारा है न्याय, समानता और भाईचारे की विचारधारा है। आज वही जिम्मेदारी हम सबके कंधों पर है कि इस विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाएँ। आज जब हमारे देश और प्रदेश में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं, जब बेरोजगारी और महँगाई चरम पर है, तब कांग्रेस संगठन को और मज़बूत करना हमारा पहला कर्तव्य है। ग्वालियर की धरती वीरता, संस्कृति और संघर्ष की भूमि है। इस भूमि ने सदा बदलाव की गूंज उठाई है। मैं आप सभी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाता हूँ कि हमारा कांग्रेस कार्यालय केवल एक दफ्तर नहीं रहेगा, यह हर कार्यकर्ता का घर बनेगा। हर कार्यकर्ता की आवाज सुनी जाएगी और हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलेगा।
आने वाले समय में हमें दो बड़ी जिम्मेदारियाँ निभानी हैं 1. ’’संगठन को हर घर, हर मोहल्ले, वार्ड-वार्ड तक मज़बूत करना।’’ 2. ’’आगामी चुनावों की तैयारी करना और जनता की लड़ाई लड़ना।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *