चैंबर ऑफ़ कॉमर्स में विद्युत समस्या समाधान शिविर
ग्वालियर: उपभोक्ताओं से ऑनलाइन आवेदन करवाने की जोन पर ही होगी व्यवस्था, किसी भी जोन पर जमा कर सकेंगे बिल मध्य प्रदेश चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की मांग पर मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश से चेंबर भवन में शहर के सभी उपभोक्ताओं की विद्युत समस्याओं के निराकरण के लिए आज 23 अगस्त शनिवार को विद्युत समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के प्रारंभ में अध्यक्ष डॉ प्रवीण अग्रवाल ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देश पर पुनः चेंबर में मासिक विद्युत शिकायत निवारण शिविर प्रारंभ होने पर ऊर्जा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मांग की
1. विद्युत वितरण कंपनी में चाहे भार वृद्धि, भार में कमी, नया कनेक्शन, नाम परिवर्तन करवाना हो तो ऑनलाइन आवेदन करना होता है और 90% उपभोक्ता इसमें अपने आपको सक्षम नहीं पाते हैं, इसलिए प्रत्येक जोन पर एक के.पी. ओ., जो भी उपभोक्ता ऑनलाइन करना चाहते हैं उनके ऑनलाइन आवेदन करवाने के लिए बिठाया जावे एवं इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित हो।
2. प्रत्येक जोन पर शहर वृत्त का कहीं का भी बिल जमा हो सके इसका कड़ाई से पालन किया जावे।
3. उपभोक्ता का सामान्य भार वृद्धि होने पर उसका धारा 126 का प्रकरण बनाए जाने की बजाय उपभोक्ता को नोटिस दिया जावे।
4. किसी भी उपभोक्ता की तरफ पुराना बकाया होने पर उससे मांग करने से पहले ‘वह बकाया इस परिसर पर है’ इसका साक्ष्य दिया जावे।
5. जिस उपभोक्ता के यहां सोलर स्थापित है वहां स्मार्ट मीटर पूर्व में ही लगे रहते हैं, उनका मीटर नहीं बदला जावे या फिर स्मार्ट मीटर को स्थापित करते समय सुनिश्चित किया जावे कि एक्सपोर्ट -इंपोर्ट रीडिंग अलग-अलग दर्शा रहा है कि नहीं।
6. उपभोक्ता की किसी भी आवेदन पर पावती प्रदान की जावे।
