शिवपुरी के मड़ीखेड़ा बांध के खोले गये 4 गेट, सिंध नदी में छोड़ा गया 830 क्यूसेक पानी

शिवपुरी. शुक्रवार की शाम मड़ीखेड़ा बांध का जलस्तर बढ़ने पर 4 गेट खोले गये। सिंध परियोजना संभाग मड़ी खेडा के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी और लगातार बारिश को देखते हुएशाम 6.30 बजे से नदी में 830 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिला प्रशासन ने सिंध नदी के किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। इनमें मड़ीखेड़ा, धमकन, पचपेडि़या, कल्याणपुर, नानकपुर और सुल्तानपुर शामिल है।मोहनी पिकअप वियर क्षेत्र के ख्यावदा, साबोली, सुड़ा, धमधौली, सीहोर, निहाबारा, पनघटा, मगरोनी और पुलाहा गांवों को भी सतर्क किया गया है।
शिवपुरी-कोलारस क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर हैं। कोलारस के रिजोदा गांव का मार्ग रपटा डूबने से बंद हो गया है। ग्रामीणों को स्कूली बच्चों को ट्रैक्टर से नाला पार कराना पड़ा। भू-अभिलेख शिवपुरी के अधीक्षक के मुताबिक, 1 जून से अब तक जिले में 1143.77 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले साल की तुलना में दोगुनी है। पिछले साल इसी अवधि में 609.63 मिमी वर्षा हुई थी। नरवर क्षेत्र में सबसे अधिक 1653 मिमी और कोलारस में सबसे कम 894 मिमी बारिश हुई है। जिले की औसत वर्षा 816.3 मिमी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *