हिट एंड रन में महिला की मौत, तेज स्पीड वाहन ने मोटरसाईकिल सवार को रौंदा, पुलिस सीसीटीवी फुटेज तलाश रही
ग्वालियर. शुक्रवार की रात पुरानी छावनी वायपास रोड पर अज्ञात वाहन ने मोटरसाईकिल सवार महिला और पुरूष को पीछे से टक्कर मार दी। घटना में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि युवक गंभीर रूप से घायल है। 20 घंटे बाद भी होश नहीं आया है। खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को निगरानी में लेकर और घायल को अस्पताल पहुंचाया है। आरोपी वाहन की तलाश के लिये आसपास के लिये सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे है।
क्या है मामला
मुरैना बानमोर से एक महिला और पुरुष शुक्रवार रात बाइक से ग्वालियर आ रहे थे। जैसे ही वे पुरानी छावनी बायपास पर बंटी ढाबा के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया। हादसे में दोनों सिर के बल सड़क पर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला की मौत हो चुकी थी, जबकि घायल पुरुष को अस्पताल भेजा गया। जांच में मृतका की पहचान 45 वर्षीय सुरेखा पत्नी राजेंद्र किरार निवासी बानमोर, मुरैना के रूप में हुई। घायल युवक का नाम रघुराज सिंह गुर्जर निवासी मुरैना बताया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर रघुराज के परिजन भी पहुंचे, लेकिन उन्होंने महिला को पहचानने से इनकार किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
20 घंटे के बाद भी युवक बेहोश
हादसे में घायल रघुराज 20 घंटे के बाद भी बेहोशी की हालत में है। इसी वजह से यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि वह महिला के साथ कहां और किस काम से जा रहा था। यह भी पता नहीं चल सका है। उन्हें किस वाहन ने टक्कर मारी और किन हालात में यह हादसा हुआ है।
