रेल यात्रियों की मौज, इन स्टेशनों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
भोपाल. अक्सर स्टेशनों में प्लेटफॉर्म बदलने में बुजुर्ग, अकेली महिला एवं दिव्यांग यात्रियों को परेशानी होती थी इसके कारण ज्यादातर लोग प्लेटफार्म बदलने के लिए पटरी पार करना अधिक सुविधा जनक मानते है। फुटओवर ब्रिज से चढने में भी कई बार सामान के साथ कठिनाई होती थी अब इस कठिनाई का निराकरण रेलवे विभाग ने कर दिया है।
लगेंगी चलित सीढियां और होगी आसानी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे आने वाले दिनों में चलित सीढियां अर्थात एस्केलेटर की सुविधा भी छिंदवाडा में देगी। वर्तमान में गोंदियां स्टेशन पर 6, राजनांदगांव स्टेशन पर 2 एवं चांदाफोर्ट स्टेशन में एस्केलेटर कार्यरत है। यात्रियों की और सुविधा बढाने के लिए 13 नए एस्केलेटर स्थापित होंगे। इनमें डोंगरगढ में 3 सहित, राजनांदगांव में अतिरिक्त 2, चांदाफोर्ट में 2 अतिरिक्त, कामठी एवं छिंदवाडा स्टेशन में 2-2 एस्केलेटर लगाए जाएंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह ने बताया कि इन सुविधाओं के स्थापित हो जाने से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बच्चों एवं भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को अत्यधिक सुविधा होगी।
किन-किन स्टेशनों में रहेगी सुविधा
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गोंदिया स्टेशन पर 4 लिफ्ट, राजनांदगांव स्टेशन में 3 लिफ्ट यात्रियों के लिए चल रही हैं, आने वाले दिनों में डोंगरगढ़ में 4, आमगांव में 3, तुमसर रोड में 3, भंडारा रोड में 2, कामठी में 2, गोंदिया में अतिरिक्त 4, चांदाफोर्ट में 2, वडसा में 2, छिंदवाड़ा में 3, सिवनी में 3, नैनपुर में 3 तथा मंडला में 2 लिफ्ट स्थापित करने की मंजूरी प्राप्त हो चुकी है।
