ग्वालियर से पिकनिक मनाने आए धौलपुर के दमोह झरने में डूबा एयरफोर्स का जवान, साथी बिना बताए भागे
धौलपुर. दमोह झरने में एयसफोर्स का एक जवान डूब गया, उसके डूबते ही साथी जवान बिना किसी को सूचना दिए भाग गए। वह साथियों के साथ ग्वालियर से पिकनिक मनाने आया था। पुलिस को 12 घंटे बाद सुबह 6 बजे हादसे की सूचना मिली। इसके बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से जवान की तलाश की जा रही है।

क्या है पूरा मामला
सरमथुरा थाना अधिकारी कृपाल सिंह ने बताया कि सुबह ग्वालियर से एयरफोर्स अधिकारी का फोन आया तब जवान के डूबने का पता चला। जानकारी के अनुसार ग्वालियर से एयरफोर्स के कुछ जवान बुधवार को धौलपुर के दमोह झरने पर पिकनकि मनाने आए थे। इस दौरान एक जवान पानी डूब गया। उसकी पहचान तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के तारोडा निवासी लक्ष्मी प्रसाद के रूप में हुई। जवान के डूबते ही अन्य जवान बिना किसी को सूचना दिए चले गए।

पुलिस को 12 घंटे बाद मिली सूचना
थानाधिकारी ने बताया कि जवान बुधवार शाम करीब 6 बजे डूबा था। गुरुवार सुबह ग्वालियर से एयरफोर्स अधिकारी का फोन आया तब हादसे का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लापता जवान की तलाश शुरू कर दी है। राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। साथ ही स्थानीय गोताखोर भी तलाश में जुटे हैं।
