संगीत एवं कला के क्षेत्र में नए-नए आयाम स्थापित करेगा विश्वविद्यालय – विधानसभा अध्यक्ष

ग्वालियर – विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि संगीत एवं कला के क्षेत्र में ग्वालियर की पहचान पवित्र तपोभूमि के रूप में है। संगीत के महान मनीषियों ने यहाँ पर संगीत की साधना कर ग्वालियर की पहचान सम्पूर्ण विश्व में स्थापित की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संगीत एवं कला विश्वविद्यालय इस परंपरा को आगे बढ़ाकर संगीत के क्षेत्र में नए – नए कीर्तिमान व आयाम स्थापित करेगा। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के 18वे स्थापना दिवस समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के अधोसंरचनागत विकास कार्यों एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति कराई जायेगी। कार्यक्रम में मौजूद कुलगुरू को भोपाल आने का निमंत्रण दिया और कहा कि मुख्य सचिव एवं विभागीय प्रमुख सचिव व वित्त विभाग से समन्वय बनाकर विश्वविद्यालय के कामों को मंजूरी दिलाई जायेगी।
मंगलवार को भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम) के सभागार में आयोजित हुए स्थापना दिवस समारोह में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीधर पराड़कर, संगीत एवं कला विश्वविद्यालय की कुलगुरू प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे मंचासीन थीं। समारोह में जहाँ स्वर लहरियां गूँजीं वहीं राग, ताल, नृत्य के संगम और श्रीकृष्ण की लीला के नृत्यमय मंचन ने समा बांध दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्रीयुत श्रीधर पराड़कर ने कहा कि ग्वालियर की पहचान संगीत के कारण है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के आचार्यों व विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे संगीत के क्षेत्र में ग्वालियर की प्रतिष्ठा को और आगे बढ़ाने का काम करें।  आरंभ में अतिथियों ने माँ सरस्वती एवं महाराजा मानसिंह तोमर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ किया। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कलाकृतियां बनाने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। आभार प्रदर्शन कुलसचिव अरुण चौहान द्वारा किया गया। संचालन सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *