तहसीलदार-नायब तहसीलदार 13 दिनों से हड़ताल पर थे वापिस लौटे, भोपाल में 6 हजार प्रकरण लंबित
भोपाल. न्यायिक और गैर न्यायिक के बटवारे से नाराज तहसीलदार और नायब तहसीलदार मंगलवार को काम पर लौटे तो पेडिंग प्रकरणों को निपटाने में व्यस्त हो गये। वह पिछले 13 दिन यानी 6 अगस्त से ही काम बन्द विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को राजस्वी मंत्री करणसिंह वर्मा एवं विभाग के सीनियर अधिकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने काम पर लौटने का निर्णय लिया है।
म्ंगलवार को भोपाल में सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार काम पर वापिस लौट आये। हालांकि उनके सामने 6 हजार से अधिक लंबित प्रकरणों को सबसे पहले निपटाने की चुनौती रहेगी। वह मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी संघ के बैनर तले काम बन्द विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
फिल्ड और ऑफिस के काम में विभाजित किए गए
भोपाल में बैरागढ़, कोलार, एमपी नगर, शहर वृत्त, बैरसिया और टीटी नगर तहसील हैं। इनके तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को न्यायिक और गैर न्यायिक कार्य में विभाजित किया है। यानी, जो अधिकारी न्यायिक कार्य कर रहे हैं, वे फिल्ड में नहीं है। वहीं, फिल्ड वाले अधिकारी न्यायिक कार्य नहीं कर रहे। इस व्यवस्था का वे भी विरोध कर रहे थे। इसके साथ ही कुल 8 मांगों को लेकर विरोध किया जा रहा था। इनमें से 7 मांगों पर सहमति बनने के बाद मंगलवार से तहसीलदार और नायब तहसीलदार काम पर लौट आए।
