MP में वाहन स्क्रैप कराने में कैटगरी खत्म, टैक्स में मिलेगी 90% छूट

ग्वालियर. अगर आपके पास पुराना वाहन है और अधिकृत सेंटर पर जाकर वाहन को स्क्रैप कराते है तो मार्च 2026 तक बकाया टैक्स ही नहीं पेनाल्टी में भी 90 प्रतिशत की छूट मिलेगी। प्रदेश में परिवहन विभाग ने अब पुराने वाहन को स्क्रैप कराने के लिए वाहन आयु श्रेणी और स्लैब के झंझट को खत्म कर दिया है। इस बदलाव का सबसे ज्यादा लाभ बस ऑपरेटर्स व ट्रांस्पोर्टरों को मिलेगा क्योंकि पुराने ट्रक व बस आज भी बडी संख्या में परिवहन विभाग के ऑडिट में दिखते है। इन पर टैक्स पेनल्टी बकाया है और यह सडकों पर चल भी नहीं रहे है। आरटीओ विक्रमजीत सिंह कंग का कहना है कि ऐसे कंडम वाहनों को खत्म करने के लिए ही सरकार ने यह नया गजट नोटिफिकेशन जारी किया है। वाहन मालिक आसानी से 10 प्रतिशत टैक्स पेनल्टी चुकाकर वाहन स्क्रैप करा सकेंगे।
सितंबर 2021 से स्क्रैप पॉलिसी लागू, लेकिन विशेष असर नहीं
बता दें कि परिवहन विभाग की स्क्रैप पॉलिसी सितंबर 2021 में लागू होने के बावजूद भी इसका बड़ा असर नहीं दिख रहा है। खासकर बड़े वाहन मालिक बकाया टैक्स और पेनल्टी की रकम के कारण इन्हें स्क्रैप नहीं करा रहे हैं। नया नियम बसों व ट्रकों के मालिकों के लिए राहत भरा होगा, क्योंकि इनके पास ऐसे तमाम वाहन होते हैं, जिनके टैक्स बकाया हैं और वाहन चलने की हालत में भी नहीं हैं।
पॉलिसी में नए वाहन खरीदने पर छूट
यदि कोई पुराना दोपहिया व चारपहिया वाहन (गैर परिवहन वाले वाहन) को स्क्रैप कराता है और नया वाहन खरीदता है तो उसे रोड टैक्स (मोटरयान कर) में 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। परिवहन यानों (माल वाहक) में 15 प्रतिशत की छूट का प्रविधान है। जिस श्रेणी का वाहन स्क्रैप किया है, उसी श्रेणी का वाहन खरीदने पर छूट मिलेगी। जिस व्यक्ति के नाम सर्टिफिकेट ऑफ डिपोजिट होगा, उसी व्यक्ति के नाम वाहन खरीदने पर छूट मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *