सुगम यातायात को ध्यान में रखकर दें एलीवेटेड रोड के सभी लूप को अंतिम रूप – भारत सिंह कुशवाह
शहर के चिन्हित स्थलों से पोल शिफ्टिंग का काम एक माह में पूर्ण करें – प्रद्युम्न सिंह तोमर
ग्वालियर – जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को सांसद की अध्यक्षता एवं ऊर्जा मंत्री- प्रद्युम्न सिंह तोमर की विशेष मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिये महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सांसद ने बैठक में कार्यपालन यंत्री सेतु संभाग लोक निर्माण को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन एलीवेटेड रोड पर उतरने-चढ़ने के लिये बनाए जा रहे सभी लूप को यातायात पुलिस एवं यातायात विशेषज्ञों से सलाह लेकर अंतिम रूप दें, जिससे दीर्घकाल तक इन लूप से यातायात सुचारू रूप से जारी रह सके। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने एलीवेटेड रोड के प्रथम चरण का शेष काम तेजी से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शहर के यातायात को बेहतर बनाने के लिए चिन्हित 23 पोल शिफ्टिंग का काम एक माह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश भी विद्युत वितरण कंपनी एवं नगर निगम के अधिकारियों को दिए।
सड़क सुरक्षा समिति की पिछली बैठक में लिए गए निर्णय के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा भी बैठक में की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय राजमार्ग सिकरौदा पर फ्लाई ओवर निर्माण के लिये टेंडर हो चुका है। 50 करोड़ रूपए की लागत से यहां फ्लाई ओवर बनेंगे। इससे इस क्षेत्र में होने वाली दुर्घटना पर स्थायी रूप से अंकुश लगेगा। बैठक में बताया गया कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हुए निर्णय के पालन में जिले में सिकरौदा तिराहा, जौरासी घाटी, कल्याणी चौराहा, बिलौआ तिराहा, आनंदपुर ट्रस्ट आई हॉस्पिटल के सामने तथा अन्य स्थानों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक कार्य करा दिए गए हैं।
बारादरी चौराहा मुरार पर बनेंगे फ्लाई ओवर
शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिये मैनिट भोपाल के तकनीकी विशेषज्ञों के सुझाव के आधार पर तैयार किए गए बारादरी चौराहा मुरार व इंदरगंज चौराहे तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखकर इन फ्लाईओवर की डीपीआर जल्द से जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीपीआर तैयार होते ही इसकी मंजूरी दिलाई जायेगी।
राष्ट्रीय राजमार्गों के बाइपास पर दुर्घटना रोकने सर्विस रोड व अंडरपास बनेंगे
शहर के नजदीक से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्गों के सभी बाइपास पर दुर्घटना रोकने के लिये सर्विस रोड व अंडरपास बनाने के निर्देश भी राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा इसकी डीपीआर तैयार करें। सर्विस रोड व अंडरपास के लिये धन की कमी नहीं आने दी जायेगी। यह अंडरपास जौरासी से आंतरी जाने वाला तिराहा, बेहटा, चकरामपुरा, गणेशपुरा, शीतला तिराहा व रमौआ सहित अन्य स्थानों पर प्रस्तावित हैं।
शहर के प्रवेश द्वारों पर लगेंगे सीसीटीव्ही कैमरे
शहर के चारों प्रवपेश द्वारों (मुरैना, भिण्ड, शिवपुरी व झाँसी रोड) एवं शहर के चिन्हित स्थलों पर जल्द से जल्द सीसीटीव्ही कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में बताया गया कि सीसीटीव्ही कैमरे के लिये टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जल्द ही सभी चिन्हित स्थलों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाने का काम शुरू होगा। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने शहर के प्रवेश द्वारों के आसपास रखी निर्माण सामग्री को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
वीडियो कोच बसें शहर के भीतर खड़ी न हों
ग्वालियर से देश के अन्य नगरों के लिये चलने वाली वीडियो कोच बसें बस स्टेण्ड से भी चलें। कम्पू क्षेत्र में इन बसों के खड़े होने से शहरवासियों को परेशानी होती है। इसलिए सख्ती से इन बसों का संचालन बस स्टेण्ड से कराया जाए। उन्होंने पाटनकर चौराहे पर खड़े होनेवाले लोडिंग वाहनों से यातायात में आ रही बाधा को दूर करने पर भी बल दिया।

