जम्मू कश्मीर में जैश के 3 आतंकी ढेर, इनमें टॉप कमांडर भी शामिल
जम्मू कश्मीर. अवंतीपोरा के त्राल में सुरक्षाबलों ने गुरूवार सुबह तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। सेना से जुडे सूत्रों ने बताया कि इसमें एक टॉप कमांडर आसिफ शेख भी शामिल है। इसके अलावा आमिर नजीर वानी और यावर अहमद भट्ट को भी ढेर कर दिया गया। ये तीनों पहलगाम हमले के बाद सरकार की तरफ से जारी 14 आतंकवादियों की लिस्ट में शामिल थे। हालांकि अधिकारियों की तरफ से आतंकियों की मौत की पुष्टि होना बाकी है।
जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन दिनों में यह दूसरा एनकाउंटर है। इससे पहले शोपियां जिले के केलर में 13 मई को सुरक्षाबलों के साथ एनकाउंटर में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए थे। बुधवार को केलर से ही भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद हुआ। इधर, बुधवार को केंद्र सरकार ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना ने चीन के डिफेंस सिस्टम को जाम कर 23 मिनट में पाक के नूर खान व रहीम यार खान एयरबेस को तबाह कर दिया था। भारतीय डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के हथियारों को नष्ट किया था।

