2 बहनों सहित एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, घटना के बाद भागा कार चालक
शिवपुरी. एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाईकिल को टक्कर मार दी। इस घटना में 2 मासूम बच्चियों सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना शनिवार की दोपहर में जिले के रन्नौद थाना इलाके के माढा गणेशखेड़ा गांव के पास हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में 2 बच्चियों के अलावा एक बुजुर्ग और एक युवक शामिल है। चारों एक ही मोटरसाईकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी बीच सामने से आ रही तेज रफ्तार इको कार ने टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचें और मृतकों के शवों को तत्काल हटवाकर बदरवास के अस्पताल में भिजवाया। सभी मृतक एक ही परिवार के है और खोराना गांव के रहने वाले है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। कारचालक की तलाश की जा रही है। सियाराम आदिवासी की अपनी पत्नी से अनबन हो गई थी। पत्नी अपनी दोनों बेटियों के साथ घर छोड़कर मायके के लिए निकल गई थी। इसके बाद सियाराम और उसके पिता किशनलाल आदिवासी उन्हें लेने रन्नौद के बस स्टैंड पर गए थे।सियाराम की पत्नी वापस घर चलने को राजी नहीं हुई। इसके बाद सियाराम और उसके पिता किशनलाल दोनों बच्चियों को साथ लेकर वापस गांव लौट रहे थे। तभी बीच में हादसा हो गया। रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद चौहान ने बताया कि परिजनों को थाने बुलाया जा रहा हैं, बयानों के बाद ही मामले की पुष्टि हो सकेगी।
इन लोगों की गई जान
कारा (उम्र 4 वर्ष), पिता सियानंद आदिवासी
पूनम (उम्र 6 वर्ष), पिता सियानंद आदिवासी
श्यामानंद (उम्र 30 वर्ष), पिता किशन लाल आदिवासी
किशन लाल (उम्र 57 वर्ष), पिता नाथू आदिवासी




