मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों सहित सड़क निर्माण के कार्यों को मिलेगी गति

चार स्थानों पर स्थापित होंगी हाईमास्ट लाइटें, 330 स्ट्रीट लाइटों की स्थापना एवं खराब लाइटों की मरम्मत भी होगी
ग्वालियर। मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है। क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए चार स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके साथ ही लगभग 330 स्ट्रीट लाइटें लगाने और खराब लाइटों की मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा। सड़क निर्माण सहित अन्य आवश्यक आधारभूत विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।प्रस्तावित हाईमास्ट लाइटें हनुमान चौराहा, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (हरिराम की कुइया), यू-ब्लॉक और क्रॉम्पटन इंडस्ट्री के समीप स्थापित की जाएंगी। इन कार्यों से औद्योगिक क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
औद्योगिक भूखंडों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और नए निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। निर्धारित समय-सीमा में उत्पादन शुरू नहीं करने वाली औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इसके अलावा, जिन इकाइयों में अब तक उत्पादन शुरू नहीं हुआ है अथवा जो लंबे समय से बंद हैं, उनके भूखंड रिक्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। रिक्त होने वाले भूखंड नए निवेशकों और इच्छुक औद्योगिक इकाइयों को आवंटित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकेगा।
मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में नए निवेश के प्रस्ताव भी प्राप्त हो रहे हैं। इनमें स्टार एंड डेज़ी, अडानी डिफेंस और ट्रोपोलाइट सहित अन्य निवेशकों की रुचि एवं प्रस्ताव शामिल हैं। इनसे क्षेत्र में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में एमपीआईडीसी की कार्यकारी संचालक अनीषा श्रीवास्तव ने औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों, प्रकाश व्यवस्था, सड़क निर्माण और औद्योगिक इकाइयों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने, लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निष्क्रिय एवं बंद औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *