महादेव सट्टेबाजी का संचालक रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार

नई दिल्ली. बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और भारतीय जांच एजेंसियों को एक और सफलता हाथ लगी है। ऐप के मुख्य सह-संस्थापक और मास्टरमाइंड रवि उप्पल को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई शहर में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर के ओमान से भारत प्रत्यर्पण के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है, जिससे अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, यूएई प्रशासन की तरफ से अभी तक भारत को इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है, लेकिन भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को अनौपचारिक सूत्रों से इस बड़ी गिरफ्तारी की पक्की जानकारी मिल चुकी है।
हवाला नेटवर्क और नेताओं से संपर्क का था जिम्मा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, रवि उप्पल महादेव बेटिंग ऐप का मुख्य सह-संस्थापक था और वही सैकड़ों करोड़ रुपये के हवाला नेटवर्क को संचालित करता था। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ के विभिन्न राजनीतिक नेताओं, रसूखदारों और नौकरशाहों के साथ संपर्क बनाए रखने तथा पैसों का लेन-देन संभालने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी। ईडी और सीबीआई अब हर संभव प्रयास कर रही हैं कि रवि उप्पल को जल्द से जल्द भारत लाया जाए ताकि इस पूरे घोटाले की परतें पूरी तरह से खोली जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *