समय से पहले महाविद्यालय छोड़ने वाले प्राध्यापक व सहायक प्राध्यापकों का कटेगा वेतन 

ग्वालियर – शासकीय महाविद्यालयों में पदस्थ जो प्राध्यापक व सहायक प्राध्यापक एवं अन्य स्टाफ समय से पहले चले विद्यालय छोड़ देते हैं, उनका वेतन कटेगा। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा लागू सार्थक एप पर दर्ज होने वाली उपस्थिति के आधार पर यह कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त निर्देशों के पालन में इस सिलसिले में जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर उन्हें साफ तौर पर आगाह किया।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि महाविद्यालय का स्टाफ कॉलेज में सार्थक एप पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के बाद पूरे समय तक उपस्थित रहे। इसके विपरीत स्थिति निर्मित हुई तो प्राचार्य भी जवाबदेह होंगे। इसलिए प्राचार्य इस बात का खास ध्यान रखें कि जो आचार्य महाविद्यालय में केवल खानापूर्ति के लिये आते हैं उनका वेतन काटें। साथ ही अनुशासनात्मक कार्रवाई भी करें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम एवं अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा प्रो. कुमार रत्नम सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *