रामकृष्ण आश्रम के सचिव की ठगी में उज्जैन से महिला कैशियर समेत 6 लोग गिरफ्तार, ठगों को लेकर ग्वालियर के लिये रवाना
ग्वालियर. अभी तक के सबसे बड़े डिजीटल अरेस्ट के मामले में एसआईटी ने एमपी के उज्जैन में बड़ी कार्यवाही करते हुए एसआईटी ने 6 लोगों को दबोचा है। इनमें से एक बैंक अकाउंट होल्डर है जिसमें 10 लाख रूपये ठगी के ट्रांसफर किये गये थे। इसके अलावा एक कैश निकालने वाला है। जबकि 2 बैंक कर्मचारी जिनमें बंधन बैंक का मैनेजर, एक महिला कैशियर समेत 6 आरोपी हिरासत में लिये गये है।
बंधन बैंक के कर्मचारी ही ठगी की रकम को निकालने और फ्रीज होने से बचाने में मदद करते थे। पुलिस को डिजीटल अरेस्ट केस में यह बड़ी कामयाबी मिली है। इसके अलावा 2 अन्य टीम मध्यप्रदेश के बाहर अन्य राज्यों में दविश दे रही है। इस डिजीटल अरेस्ट को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है। दिन-रात सायबर एक्सपर्ट काम कर रहे है। बैंक से अधिक से अधिक आंकड़े जुटाये जा रहे हैं। सभी आरोपियों को लेकर एसआईटी ग्वालियर के लिये रवाना हो गये है।
क्या है घटनाक्रम
ग्वालियर में मनी लॉन्ड्रिंग केस में नाम आने की बात कहकर डराने और रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी सुप्रदिप्तानंद को डिजिटल अरेस्ट कर 2.53 करोड रुपए ठगे गए थे। इस मामले में 26 दिन में तीन बैंक खातों में यह ठगी की पूरी रकम गई थी। मामला सामने आने के बाद तत्काल पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। पता लगा कि जिन तीन बैंक खातों में रुपए ट्रांसफर हुए थे उनसे करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा बैंक खातों में रुपए तत्काल ट्रांसफर किए गए थे। इनमें से एक प्रदेश के ही उज्जैन स्थित बंधन बैंक का खाता था। जिसमें दस लाख रुपए ट्रांसफर हुए थे और यह दस लाख रुपए तत्काल निकाल लिए गए थे। दो दिन पहले इस बात का खुलासा होने के बाद एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी उज्जैन पहुंची थी। यहां शनिवार को दिन भर दी गई दबिश में पुलिस की टीम ने जिस अकाउंट में रुपए ट्रांसफर हुए थे उसे पकड़ा। इसके बाद जिसने 10 लाख रुपए निकाले थे उसे CCTV फुटेज से पहचान कर हिरासत में लिया। दो बैंक कर्मचारी सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है। सभी की कुछ न कुछ भूमिका है। सभी को लेकर पुलिस की टीम ग्वालियर के लिए रवाना हो गई है।
उज्जैन से किये गिरफ्तार
ग्वालियर पुलिस ने उज्जैन से राहुल कहार (22), तुषार गोमे (26), किशोर विनाज्ञा ( 19), शुभम सिंह राठौर (23), रतलाम के विश्वजीत बर्मन (46) और उज्जैन की बंधक बैंक की महिला कैशियर काजल जैसवाल ( 27) को पुलिस ने हिरासत में लिया। सभी को लेकर ग्वालियर पुलिस रवाना हो गई है।

