राणासांगा को गद्दार कहने वाले सपा सांसद के घर पर करणी सेना का हमला, करणी सेना बुलडोजर लेकर पहुंची थी, पथराव में कई पुलिसकर्मी जख्मी
आगरा. राज्यसभा में राणा सांगा को गद्दार कहने वाले सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आगरा स्थित घर पर बुधवार को करणी सेना के कार्यकर्त्ताओं ने हमला कर दिया। इसमें 1 हजार से अधिक कार्यकर्त्ता बुलडोजर लेकर सांसद के आवास पर पहुंचे। वहां जमकर तोड़फोड़ और पथराव किया। झड़प् में कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गये।
करणी सेना के कार्यकर्त्ताओं ने सांसद के घर के बाहर रखी 40 -50 कुर्सिया तोड़ डाली। मेनगेट तोड़कर घर के अन्दर घुसने का प्रयास कर रहे थे। कार्यकर्त्ताओं ने सांसद के घर के बाहर खड़ी 10 से अधिक गाडि़यों में तोड़फोड़ कर दी। घटनास्थल से 1 किमी दूरी पर सीएम योगी का कार्यक्रम चल रहा था।
बैरिकेडिंग तोड़कर शहर में घुसे
करणी सेना के कार्यकर्त्ताओं ने पुलिस के बैरिकडिंग तोड़ दी। कार्यकर्त्ता जयश्री राम के नारे लगा रहे थे। पुलिस ने कार्यकर्त्ताओं को रास्ते में रोकने का प्रयास किया। लेकिन वह एक्सप्रेस से शहर के भीतर घुस गये। इधर सुरक्षा को देखते हुए सपा-सांसद की सोसायटी के दोनों गेटों को बन्द कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी घर से बाहर नहीं निकलेगा।
करणी सेना और सपा के कार्यकर्त्ता आपसे में भिडे
करणी सेना के कार्यकर्त्ताओं के हंगामे को रोकने के लिये सपा कार्यकर्त्ता भी सांसद के घर पहुंच गये। उनकी करणी सेना के कार्यकर्त्ताओं से झड़प् हो गयी। हालात विगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। हालांकि फिर भी हालत संभाल नहीं पाये। कई थानों की पुलिस पहुंची। तब जाकर पुलिस कार्यकर्त्ताओं को मोके से भगा पायी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का पैर टूटा
करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरू सिंह ने X पर लिखा, राणा सांगा जी के सम्मान में आज आगरा में इतिहास लिखा गया। पुलिस ने लाठीचार्ज की, मेरा पैर टूट गया है। वहीं, करणी सेना युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र राणा ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा- सांसद रामजीलाल सुमन ने क्षत्रिय समाज के महापुरुष के खिलाफ ओछी बात कही है। हमारे महापुरुष और पूर्वजों को कोई भी गाली दे जाता है। सांसद के आवास की हर ईंट पर राणा सांगा लिखना है। इस बार हम माफ नहीं करेंगे। अगर माफी मांगनी है तो रुपवास में महाराणा सांगा के स्मारक पर नाक रगड़कर माफी मांगनी पडे़गी। राजपूत और क्षत्रिय समाज एकजुट होकर दिखा दे कि कोई भी हमारे महापुरुषों के लिए कुछ बोलने से पहले सोचे।
सपा सांसद ने बोला था- हिंदू गद्दार राणा सांगा की औलाद
सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने 21 मार्च को राज्यसभा में कहा था, ‘भाजपा वालों का तकिया कलाम हो गया कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है। फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया? बाबर को भारत में इब्राहीम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था।मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो। यह हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए। बाबर की आलोचना करते हैं, राणा सांगा की नहीं। देश की आजादी की लड़ाई में इन्होंने अंग्रेजों की गुलामी की थी। हिंदुस्तान का मुसलमान बाबर को अपना आदर्श नहीं मानता है। वो मोहम्मद साहब और सूफी परंपरा को आदर्श मानता है।

राणा सांगा मेवाड़ के राजा थे, 19 साल राज किया राणा सांगा (महाराणा संग्राम सिंह) ने राजस्थान के मेवाड़ में 1509 से 1528 तक शासन किया। वे उदयपुर में सिसोदिया राजपूत राजवंश के राजा थे और राणा रायमल के सबसे छोटे पुत्र थे। इन्होंने मेवाड़ साम्राज्य का विस्तार किया। उसके तहत राजपूताना के सभी राजाओं को संगठित किया। राणा सांगा ने विदेशी आक्रमणकारियों के विरुद्ध सभी राजपूतों को एक किया। इन्होंने दिल्ली, गुजरात और मालवा मुगल बादशाहों के आक्रमणों से अपने राज्य की रक्षा की।

सपा सांसद के घर करणी सेना की तोड़फोड़ से जुड़े अपडेट के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

