भोपाल में सीएम यादव ने खेली फूलों की होली, दिग्विजय बोले- होली भाईचारे का त्योहार
भोपाल. पूरे मध्यप्रदेश में होली की धूम है। सीएम हाउस में ब्रज की होली खेली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘आज भोपाल में होली रे रसिया’ गाया। राधा-कृष्ण पर फूल बरसाए। इस दौरान फाल्गुनी गीत गाए गए। सीएम हाउस पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री यादव के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित तमाम सांसद-विधायक भी मौजूद रहे। इधर, भोपाल के इतवारा की उमराव दुल्हा मस्जिद के बाहर पुलिस ने बेरिकेड्स लगाए हैं। ताकि जुमे की नमाज बिना किसी तनाव के अदा की जाए। वहीं, होली का जुलूस भी निकाला जा रहा है।
भोपाल पुलिस कमिश्नर ने सीएम को गुलाल लगाया
भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। होली मिलन समारोह में सीएम डॉ. मोहन यादव ने डमरू बजाया। त्रिशूल संभाल कर होली का जश्न मनाया।
टैंकरों से छोड़ रहे रंगों की बौछारें
भोपाल के जुलूस में टैंकरों से हुर्रियारों की टोलियों पर रंगों की बौछारें छोड़ी जा रही है। लोग ढोल नगाड़ों पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे हैं।
