ग्वालियर में होली पर बाइक सवार को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, मौत

ग्वालियर. होली के लिए बेटे-पत्नी से मिलने घर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। घायल को लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन उससे पहले ही वह दम तोड़ चुका था। घटना गुरुवार रात 8 बजे मोहनपुर में ग्वालियर बायपास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मामला दर्ज किया है। होली के दिन शुक्रवार को उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
डबरा कमलेश्वर कॉलोनी नजमा वाली गली निवासी राहुल (35) पुत्र सुरेश सिसौदिया पेशे से टाइल्स का कारीगर है। वह तीन दिन से ग्वालियर शहर में काम कर रहा था। गुरुवार शाम होलिका दहन से पहले वह बाइक से डबरा घर जाने के लिए निकला था। अभी वह मुरार होते हुए मोहनपुर में हाईवे पर सिद्धबाबा पहाड़ी के पास पहुंचा ही था कि पीछे से आ रहे अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सिर के बल उछलकर सड़क पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी और एम्बुलेंस को कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया है, लेकिन घायल राहुल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जब राहुल के ताऊ सीताराम सिसौदिया निवासी अल्कापुरी ने उसके नंबर पर कॉल किया तो किसी अनजान राहगीर ने कॉल रिसीव कर घटना के बारे में बताया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
पुलिस राहुल की बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में हाईवे पर लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। घटना स्थल के सामने ही एक पेट्रोल पंप है। वहां लगे कैमरे की रेंज में घटना स्थल नहीं आ रहा है। अब पुलिस मेहरा टोल पर जाकर CCTV कैमरे देखेगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *