ग्वालियर में मकान के विवाद में मारपीट, पथराव और गोलीबारी

ग्वालियर. गिरवाई सावरिया धाम कॉलोनी में मकान विवाद को लेकर बुधवार रात 10 बजे मारपीट, पथराव और गोलीबारी हुई। गोलीबारी में छर्रे लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरे पक्ष का एक युवक भी पथराव और मारपीट में घायल हुआ। घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्वालियर खुद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी। दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पक्ष पर गोलीबारी और दूसरे पक्ष पर पथराव व मारपीट की एफआईआर दर्ज की गई है।
एडवांस के तौर पर अरविंद ने 20 लाख रुपए भी दे दिए थे
गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित सावरिया धाम कॉलोनी निवासी अरविंद कुमार बुनकर ने एक साल पहले पास ही रहने वाले नरेश सेन से मकान खरीदने की डील की थी। एडवांस के तौर पर अरविंद ने 20 लाख रुपए भी दे दिए थे, लेकिन एग्रीमेंट के बावजूद नरेश ने समय पर मकान की रजिस्ट्री नहीं कराई। जब अरविंद ने अपने पैसे वापस मांगे, तो नरेश ने उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई बार बहस भी हो चुकी थी। कुछ दिन पहले झगड़े के दौरान नरेश ने अरविंद से कहा था कि, अब पैसे कोर्ट से ले लेना। इसके बाद अरविंद ने मोहल्ले के सामने ही नरेश को गालियां दे दीं। इस बात से नाराज नरेश बुधवार रात अरविंद के घर पहुंचा, वहां पथराव कर गेट तोड़ दिया और मारपीट पर उतारू हो गया।
छर्रे लगने से एक घायल
मारपीट से बचने के लिए अरविंद अंदर से बंदूक उठा लाया और फायरिंग कर दी। एक गोली जमीन पर लगकर नरेश को आकर लग गई। छर्रे लगने से वह घायल हो गया है। हंगामा की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *