दिल्ली में आयुष्मान योजना को मिली मंजूरी, विधानसभा में पेश की जायेगी CAG रिपोर्ट
नई दिल्ली. गुरूवार की रात सरकार गठन के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व की पहली कैबिनेट बैठक सचिवालय में संपन्न हुई। दिल्ली कैबिनेट की बैठक में आयुष्मान योजना की मंजूरी दे दी गयी। वहीं, दिल्ली विधानसभा के पहलें सत्र में कैग की सभी 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश करने को भी कैबिनेट ने हरी झंडी दिखाई। कैबिनेट बैठक में लिये गये फैसलों की जानकारी देते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि हमने मुख्य 2 एजेंडा पर फोकस किया है। दिल्ली में केन्द्र सरकार की लोकप्रिय और जनकल्याणकारी आयुष्मान योजना को लागू किया जायेगा। जिसे पहले ही आम आदमी पार्टी सरकार ने रोक रखा था। वहीं, कैग की सभी 14 लंबित रिपोर्ट को दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र मे ंहम सदन के पटल पर रखेंगे। जिसे पूर्व वर्ती सरकार ने रोक कर रखा था।
उन्होंने कहा था कि इस योजना के तहत दिल्ली के पात्र लाभार्थियों को 10 लाख रूपये तक का मुफ्त उपचार की सुविधा मिलेगी। इसमें से 5 लाख रूपये का हेल्थ कवरेज दिल्ली सरकार और 5 लाख केन्द्र सरकार की ओर से मिलेगा। आयुष्मान कार्ड धारक दिल्ली के सरकारी और सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम के तहत इस्पैनल्ड किसी भी प्रायवेट अस्पताल में 10 लाख रूपये तक का इलाज करा सकेंगे। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि भाजपा ने दिल्ली की जनता से जो भी वादे किये है। उन्हें हम एक-एक करके जल्दी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा है कि कैबिनेट बैठक में महिला सम्मान योजना को लेकर भी चर्चा हुई है। हमारी सरकार इस योजना के लिये जल्द क्राइटेरिया तय करेगी और इसके लिये रजिस्ट्रेशन कैसे होगा इस बारे में भी फैसला होगा।
दिल्ली में हुआ विभागों का बंटवारा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने– सामान्य प्रशासन, सेवाएं, वित्त, राजस्व, महिला एवं बाल कल्याण, भूमि एवं भवन, जनसंपर्क, सतर्कता एवं प्रशासनिक सुधार विभाग अपने पास रखे हैं।
प्रवेश वर्मा को लोक निर्माण विभाग, विधायी मामले, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, जल, गुरुद्वारा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी है।
आशीष सूद को गृह, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, वन एवं पर्यावरण और प्लानिंग डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी मिली है।
रविंद्र इंद्राज सिंह समाज कल्याण, एससी और एसटी कल्याण, सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कपिल मिश्रा कानून एवं न्याय, श्रम एवं रोजगार, डेवलपमेंट, कला एवं संस्कृति, भाषा और पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पंकज कुमार सिंह स्वास्थ्य, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे. बता दें कि पंकज सिंह खुद पेशे से डॉक्टर हैं।

