शहर में दहशत फैला रहे हूटर, बड़ी तैयारी में MP पुलिस

ग्वालियर. सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सांसद भारत सिंह कुशवाह ने हूटर, गाडिय़ों के कांच पर काली फिल्म पर की कार्रवाई को लेकर अधिकारियों से सवाल किए। गाडिय़ों में लगे हूटर शहर में भय फैला रहे हैं। इनके खिलाफ अभियान क्यों बंद हो गया। इसको लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने कहा कि फिर से अभियान शुरू करेंगे।
सदस्यों ने हूटर को लेकर कहा कि इसे लगाने की सीमित लोगों को पात्रता है, लेकिन बड़ी संख्या में गाडिय़ों में लगाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गाड़ी के बोनट के अंदर इसे लगा रहे हैं, इससे गाड़ी की पहचान नहीं हो पा रही है। इसके अलावा ऑटो रिक्शा को शिफ्ट में चलाने पर चर्चा की गई। ऑटो रिक्शा की भी ई रिक्शा की तर्ज पर कलर कोडिंग की जाएगी और शिफ्ट में चलाया जाएगा, लेकिन व्यवस्था लागू करने से पहले ऑटो यूनियन के साथ बैठक की जाएगी। उन्हें प्लान की जानकारी दी जाएगी।
स्कूल वाहनों का नियमित ऑडिट
बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर रुचिका चौहान, व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित समिति के सदस्य व अधिकारी मौजूद थे। सांसद ने कहा कि हर महीने सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। स्कूली वाहनों का नियमित ऑडिट किया जाए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती करने के लिए भी पुलिस अधिकारियों से कहा। कुशवाह ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सर्विस रोड बनवाने की ओर भी सडक़ विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। साथ ही कहा कि शहर के नजदीक से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्ट्रीट लाइट भी लगवाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *