सोना ₹1,029 गिरकर ₹75,629 पर आया
नई दिल्ली. फेडरल रिजर्व के ब्याज में कटौती से सोने-चांदी के दाम में आज यानी 19 दिसंबर को बडी गिरावट है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड का भाव 1029 रुपए गिरकर 75629 रुपए पर आ गया है। इससे पहले सोने की कीमत 76658 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। चांदी का भाव भी आज 2214 रुपए कम होकर 86846 रुपए पर आ गया है। कल चांदी 89060 रुपए प्रति किलोग्राम थी। वहीं 23 अक्टूबर को चांदी ने 99151 रुपए को और 30 अक्टूबर को सोने ने 79681 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया था।
ब्याज दरों में कटौती से सोने दबाव
करेंसी हेड अनुज गुप्ता के अनुसार अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट 0.25 प्रतिशत की कटौती की है। इस कटौती से सोने-चांदी पर दबाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते आज इनकी कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि आने वाले दिनों में सोने-चांदी में फिर से बढत देखने को मिल सकती है। अगले एक साल में सोना के 82 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं चांदी भी 95 हजार रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है।
