ग्वालियर में बाइक चोरी कर रहे थे चोर, पुलिस आ पहुंची, 8 बाइक बरामद

ग्वालियर. बहोडापुर थाना पुलिस ने देर रात दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 8 चोरी की बाइक बरामद हुई है। ये दोनों चोर ट्रांसपोर्ट नगर में एक गाडी चोरी करने की कोशिश कर रहे थे तभी गश्त कर रही पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस को देखते ही चोरों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड लिया। पूछताछ में पता चला कि ये चोर बिना व्हील लॉक वाली गाडियों को निशाना बनाते थे और पलक झपकते ही गाडियों के लॉक तोडकर उन्हें चुरा लेते थे।
पुलिस के सख्ती दिखाते ही चोरों ने कबूला जुर्म
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि त्यौहार को ध्यान में रखते हुए एसआई विवेक प्रताप सिंह, एएसआई संजय शर्मा और प्रधान आरक्षक भूपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ ट्रांसपोर्ट नगर में पैदल गश्त कर रहे थे। इस दौरान उनकी नजर बाइक के पास खडे दो युवकों पर पडी। पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबरा गए और भागने लगे जिससे पुलिस को शक हुआ। ऐसे में पुलिस ने उनका पीछा किया और पकड लिया। पहले तो वह दोनों युवक पूछताछ में इधर-उधर की बात कर बहाने बनाते रहे, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने कबूल किया कि वह वाहन चोर हैं और अभी बाइक चोरी का प्रयास कर रहे थे, इसका पता चलते ही पुलिस उन्हें थाने लेकर आई और पूछताछ की।
हो सकता है अन्य चोरियों का खुलासा
पुलिस का मानना है कि इन चोरों से और भी वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ये चोर वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचते थे। ग्वालियर शहर के एएसपी अखिलेश रैनवाल ने बताया कि वाहन चोर गिरोह के दो सदस्य पकड़े गए हैं। पूछताछ में पकड़े गए चोरों से चोरी के आधा दर्जन से ज्यादा वाहन बरामद हुए हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *