मुरैना में हुए धमाके की जांच एनआईए करें पुलिस पर नहीं है विश्वास, बजरंगदल ने दिया ज्ञापन
मुरैना. इस्लामपुरा में हुए धमाके के बाद बजरंग दल के कार्यकर्त्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर अंकित अष्ठाना को ज्ञापन सौंप कर मामले की जांच की एनआईए से कराने की मांग है। बजरंग दल कार्यकर्त्ताओं ने कहा है कि विस्फोट सामान्य नहीं है। उन्हें पुलिस पर विश्वास नहीं है। पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है। इसलिये इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से कराई जाये।
क्या है घटनाक्रम
बता दें कि, 19 अक्टूबर शनिवार को मुरैना के इस्लामपुरा में हुए विस्फोट के बाद स्थानीय निवासी गुस्से में हैं। बजरंग दल के साथ में पहुंचे इस्लामपुरा के निवासियों ने बताया कि जिस घर में विस्फोट हुआ है वहां लंबे समय से आतिशबाजी बनाने का काम चल रहा था। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि इस बात को पूरा मोहल्ला जानता था कि उस घर में बारूद से पटाखे बनाए जाते हैं, लेकिन यह नहीं जानते थे कि इतना बड़ा विस्फोट हो जाएगा। मोहल्ले वासियों ने बताया कि इस बात की खबर पुलिस को भी थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में हस्ताक्षेप नहीं किया।
पुलिस पर नहीं है विश्वास
मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर अंकित अष्ठाना से स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें पुलिस पर कतई विश्वास नहीं है। हम चाहते हैं कि इस मामले की जांच एनआईए से कराई जाये। जिससे पूरा मामला स्पष्ट हो सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जा सके। कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच सुरक्षा एजेंसी से कराई जायेगी।

