जम्मू कश्मीर में 24 आतंकियों के सुराग, सर्चिंग में 7 हजार जवान, 8 ड्रोन-हेलिकॉप्टर्स लगाए गए

जम्मू कश्मीर. डोडा इलाके में गुरूवार सुबह फिर मुठभेड शुरू हो गई है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि डोडा के कास्तीगढ इलाके में ऑपरेशन जारी है। डोडा में आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों के ऑपरेशन का आज चौथा दिन है। डोडा के डेसा इलाके में 15 जुलाई को सेना और पुलिस को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग की और भाग निकले। 15 जुलाई की रात 9 बजे आतंकियों ने फिर गोलीबारी की। इसमें एक कैप्टन और पुलिसकर्मी समेत 5 जवान शहीद हो गए। 16 जुलाई को डोडा के डेसा फोरेस्ट बेल्ट के कलां भाटा में रात 10.45 बजे और पंचान भाटा इलाके में रात 2 बजे फिर फायरिंग हुई। हालांकि इसमें किसी नुकसान की खबर नहीं है।
24 आतंकियों के छिपे होने का सुराग मिला
जम्मू रीजन में पिछले 84 दिन में 10 आतंकी हमलों में 12 जवानों की शहादत के बाद सेना ने अब सबसे बडा सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। सैन्य सूत्रों के अनुसार ऑपरेशन में सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस के 7000 जवान, 8 ड्रोन, हेलिकॉप्टर्स, करीब 40 खोजी कुत्तों को लगाया है।
जवानों में ज्यादातर राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस के स्पेशल कमांडोज हैं। इन्हें डोडा और कठुआ जिलों की पीर पंजाल श्रेणी के जंगलों में उतारा गया है। यहां 5 लोकेशन की पहचान की गई है। सुरक्षा बलों को यहां करीब 24 आतंकियों की मौजूदगी के सुराग मिले हैं। इनमें वो आतंकी भी हैं, जिनकी डोडा के डेसा जंगल में सेना के साथ मुठभेड़ हुई थी। इसमें 5 जवान शहीद हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *