अब 45 रोड सेफ्टी एंड इंफोर्समेंट चेकिंग प्वाइंट लगेंगे, आदेश जारी
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में परिवहन विभाग की बदनामी का कारण बनीं परिवहन चौकियों को बंद करने के बाद अब रोड सेफ्टी एंड इंफोर्समेंट चेकिंग प्वाइंट शुरू किए जा रहे है। इसको लेकर प्रदेश के परिवहन आयुक्त डीपी गुप्ता ने आदेश जारी कर दिया है जिसमें नई व्यवस्था के तहत दिशा निर्देश भी शामिल किए गए है। यह चेकिंग प्वाइंट पूर्व में संचालित बॉर्डर चेकपोस्ट वाले मार्गों पर ही संचालित किए जाएंगे।
आयुक्त ने प्वाइंट के संचालन के लिए 21 बिंदु एसओपी में आदेशित किए है जिनका पालन अधिकारियों को करना होगा। मध्य प्रदेश में वाहन ओवरलोडिंग चेक करने एवं मोटर मोटरयान अधिनियम एवं नियर्मो में उल्लेखित प्रविधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर वर्ष 1985 से वर्ष 2010 तक कुल 40 स्थायी और सात अस्थायी चेकपोस्टों की स्थापना की गई थी।
इनमें से वर्तमान में 19 इंटीग्रेटेड कंप्यूटराइज्ड चेकपोस्ट व 21 मानवीय रूप् से संचालित चेकपोस्ट कुल 40 परिवहन चेकपोस्ट संचालित थे। लगातार शिकायतों व बदनामी के बाद शासन द्वारा 1 जुलाई 2024 से प्रदेश के समस्त परिवहन चेकपोस्टों का संचालन बंद करने का आदेश जारी किया।
