ग्वालियर में भारी बारिश का अलर्ट जारी, 7 और 8 जुलाई तक झूमकर बरसेंगे बादल

ग्वालियर. शहर सहित जिले में मानसून मेहरबान है। नौ दिन में 206 मिलीमीटर पानी बरस चुका है। औसत बारिश का 25 फीसदी पानी नौ दिन में बरस गया है। मानसून सीजन के 86 दिन शेष हैं, इनमें झमाझम बारिश के आसार हैं। इस बार औसत से अधिक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने ग्वालियर चंबल में शनिवार 6 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती है। मौसम विभाग ने यहां अगले दो दिन यानी 7 और 8 जुलाई तक ऐसा ही मौसम रहने की भविष्यवाणी की है।
शुक्रवार को सुबह रिमझिम बारिश का दौर चला। इस दौरान 11.1 मिलीमीटर पानी बरना। दिनभर बादल छाने से धूप नहीं निकली। बारिश की वजह से दिन का तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। दिन व रात के तापमान में सिर्फ 2.9 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। रात व दिन का मौसम एक जैसा रहा। मौसम सुहाना होने से उमस से भी राहत रही। शाम को फिर से हल्की बारिश शुरू हुई।
इसलिए हो रही बारिश
मानसून ट्रफ लाइन की वजह से आ रही नमी
ग्वालियर अंचल मानसून ट्रफ लाइन के दक्षिण में है। इस कारण बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। चक्रवातीय घेरों से बारिश हो रही है।
पश्चिमी राजस्थान व पश्चिम उत्तर प्रदेश के पास एक चक्रवातीय घेरा बना है। इन घेरों का असर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में भी रहेगा। इस वजह से बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 6,7 और 8 जुलाई तक शहर में बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार 6 जुलाई को जहां भारी बारिश होगी, वहीं अगले दो दिन भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
9 जुलाई से आसमान साफ होगा। धूप निकलने पर उमस बढ़ सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *