भारत मां के इन सपूतों ने शौर्य, पराक्रम एवं पुरुषार्थ से अपने जीवन को सार्थक किया : मुख्यमंत्री
MP के 28 जांबाज पुलिसकर्मी आउट ऑफ टर्न प्रमोशन से हुए सम्मानित
भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 जून शनिवार को बालाघाट के पुलिस लाइन स्थित मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में हॉकफोर्स के 26 और जिला बल के 2 जवानों और पुलिस अधिकारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें से 25 जवान व अधिकारी 1 अप्रैल 24 को लांजी के पितकोना केरझिरी के जंगल क्षेत्र में हुई नक्सली मुठभेड़ में शामिल रहे। वहीं इस मुठभेड़ के अतिरिक्त बोरवन-सिरका बालाघाट, जामसेहरा बालाघाट और मंडला के लालपुर में हुई पुलिस व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सफलता पाने वाले जिला बल के 2 जवानों व हॉकफोर्स के एक जवान को भी क्रम से पूर्व पदोन्नति प्रदान की गई। हॉक फोर्स के पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों को मुख्यमंत्री बैच लगाकर आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देते हुए पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों क्रम से पूर्व पदोन्नति मिलना एक अविस्मरणीय पल है।
इस अवसर पर कार्यक्रम में बालाघाट की माननीय सांसद भारती पारधी, पूर्व कैबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, बालाघाट की नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, एडीजी इंटेलिजेंस जयदीप प्रसाद, बालाघाट जोन के आईजी संजय कुमार, आईजी लॉ एंड ऑर्डर अंशुमान सिंह, बालाघाट रेंज के डीआईजी मुकेश कुमार श्रीवास्तव, बालाघाट के कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी गिरीश कुमार मिश्रा, बालाघाट के एसपी समीर सौरभ व हॉकफोर्स के कमांडेंट मोती उर रहमान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
दो हार्डकोर नक्सलियों को पुलिस ने मार गिराया था
उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल 2024 को थाना लांजी अंतर्गत पितकोना-केरझिरी के जंगल में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सक्रिय सदस्यों के मध्य मुठभेड़ में 2 हार्डकोर माओवादियों को मार गिराने में बालाघाट पुलिस को सफलता प्राप्त हुई थी। इस मुठभेड़ में कान्हा भोरमदेव डिवीजन के भोरमदेव एरिया कमेटी की डिवीजनल कमेटी सदस्य साजंती उर्फ क्रांति पति सुरेन्दर नि. ग्राम रेगाड़म जिला सुकमा (छ0ग0) एवं मलाजखंड एरिया कमेटी सदस्य रघु उर्फ शेरसिंह उर्फ सोमजी पन्द्रे नि. दड़ेकसा चौकी डाबरी थाना लांजी जिला बालाघाट म.प्र. को मार गिराने में सफलता प्राप्त हुई। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र राज्यों द्वारा साजन्ती पर 29 लाख रुपए और रघु पर 14 लाख रुपए का इनाम यानी दोनों पर संयुक्त रूप से कुल 43 लाख रूपये का इनाम घोषित किया गया था। इन दोनों नक्सलियों के पास से हॉकफोर्स के जवानों ने एके- 47 रायफल, एक 12 बोर रायफल, नक्सल साहित्य एवं दैनिक उपयोग की सामग्री पुलिस द्वारा बरामद की थी।
