दुष्कर्म के आरोप में भतीजे को 10 वर्ष की सजा और 3 हजार का जुर्माना
ग्वालियर. रिश्तों को शर्मसार करने वाले भतीजे को न्यायालय ने दुष्कर्म के मामले में दोषी ठहराया है। षष्टम अपरसत्र न्यायाधीश विवेक कुमार ने आरोपी के इस तर्क को खारिज कर दिया। जिसमें उसने चाची पर संपत्ति विवाद के चलते उसे झूठे केस में फंसाने की बात कहीं। न्यायालय ने आदेश में कहा कि भारतीय समाज के परिपेक्ष्य में किसी संस्कारित महिला से ऐसा आचरण उपधारित नहीं किया जा सकता है कि वह संपत्ति के विवाद में अपनी लज्जा एवं मर्यादा को समाज में प्रश्नगत कर दें।
दुष्कर्म का अपराध महिला के सामाजिक जीवन एवं उसकी इज्जम के लिये एक शूल के समान है जो उसके शरीर के साथ-साथ उसकी आत्मा को भी घायल करता रहता है। डीएनए रिपोर्ट व अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर न्यायालय ने आरोपी भतीजे को 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा दी और 3 हजार रूपये का जुर्माना भी लगाया है।
क्या है मामला
प्रकरण की जानकारी देते हुए अपर लोक अभियोजक मिनी शर्मा ने बताया कि पीड़िता बहोड़ापुर क्षेत्र में रहती है। यहां स्थित मकान में उसका बड़ा भतीजा भूतल और पीड़िता प्रथम तल पर रहती थी। भतीजे की पत्नी लगभग पांच साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। 5/6 अक्टूबर 2022 (दशहरे वाले दिन) को रात्रि दस बजे के लगभग पीड़िता अपने कक्ष में सो रही थी। तभी भतीजा जबरन कमरे में घुसा और मारपीट करने लगा। भतीजे ने चाची के कपड़े फाड़ दिए और हाथ बांधकर नीचे अपने कमरे में ले गया। यहां उसने दुष्कर्म किया। अभियोजन कहानी के अनुसार भतीजे ने घटना वाले दिन कुल तीन बार दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने चाची की बेरहमी से पिटाई भी की। भतीजे के सो जाने के बाद चाची किसी तरह पुलिस थाना बहोड़ापुर पहुंचीं और आपबीती सुनाई। मेडिकल रिपोर्ट में पीड़िता के साथ मारपीट की पुष्टि हुई, वहीं डीएनए रिपोर्ट में भी दुष्कर्म होने की बात सामने आई।
