सीनियर सिटीजन को फिर से रेलवे के किराये में छूट मिलने के आसार
ग्वालियर. मोदी 3.0 सरकार वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में मिलने वाली छूट 4 साल बाद बहाल कर सकती है। हालांकि इसे सभी श्रेणी की जगह सिर्फ स्लीपर क्लास के लिए बहाल किया जा सकता है। सरकार की कोशिश है कि रेलवे पर कम से कम आर्थिक बोझ डाला जाए। ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को ही छूट मिलेगी जो स्पीपर श्रेणी में सफर करने में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है। छूट सिर्फ उन्हीं वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी जो इसे लेना चाहेंगे। वरिष्ठ नागरिक को रिजर्वेशन फॉर्म में छूट वाले कॉलम को भरना पडेगा।
महिलाओं को 50 प्रतिशत छूट
रेल यात्रा में 60 साल या इससे अधिक उम्र के पुरूषों को मूल किराए में 40% और 58 साल या इससे अधिक उम्र की महिलाओं को 50 प्रतिशत छूट मिलती थी। कोरोना के समय इसे बंद कर दिया गया था। रेलवे का कहना है कि यात्री किराए में 59, 837 करोड रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। औसत प्रति यात्री खर्च 110 रुपए होता है जबकि इसकी तुलना में 45 रुपए ही लिए जाते है। इस वजह से छूट को बढाकर रेलवे पर और बोझ नहीं डाला जा सकता है।
