जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी जोरों पर

जगह-जगह दिया जा रहा है योग प्रभारियों को कॉमन योगा प्रोटोकॉल प्रशिक्षण
ग्वालियर – जिले में भव्यता के साथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए तैयारियाँ जारी हैं। इस कड़ी में योगाभ्यास के काउंटडाउन के तहत भितरवार विकासखंड में योग प्रभारियों एवं प्रतिभागियों को कॉमन योगा प्रोटोकॉल प्रशिक्षण दिया गया।
भितरवार स्थित सरस्वती गार्डन में मुख्यमंत्री योग प्रशिक्षण केंद्र द्वारा जिला प्रशासन एवं जिला योग समिति के सहयोग से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल, उमावि माध्यमिक तथा प्राथमिक विद्यालयों के योग प्रभारी शिक्षकों को कॉमन योगा प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखाराम जर्मन और ब्लॉक स्रोत समन्वयक नरहरि मिश्रा के निर्देशन में जिला योग समिति के अध्यक्ष जयदयाल शर्मा सहित अन्य योग गुरूओं द्वारा शिक्षकों को इस अवसर पर प्रशिक्षित किया गया।
जिला योग प्रभारी दिनेश चाकणकर ने भी प्रशिक्षण का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए योग अत्यंत महत्वपूर्ण है। योगाभ्यास से मनुष्य का शारीरिक, मानसिक, नैतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक विकास होता है। योग हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाता है तथा हमे शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *