ग्वालियर से बरौनी के बीच चलेगी समर स्पेशल ट्रेन

ग्वालियर. गर्मी की छुट्टियों पर ट्रेनों में भीड़भाड़ की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इस क्रम में ग्वालियर से बरौनी के बीच आगामी 21 अप्रैल से एक जुलाई तक समर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन क्रमांक 04137 आगामी 21 अप्रैल से 30 जून तक हर रविवार और बुधवार को ग्वालियर से बरौनी के लिए रवाना होगी। वहीं ट्रेन क्रमांक 04138 आगामी 22 अप्रैल से एक जुलाई तक हर सोमवार और गुरुवार को बरौनी से ग्वालियर के बीच चलाई जाएगी। ये ट्रेनें पूरे सीजन में कुल 21 फेरे लगाएंगी। ये उसी रूट से संचालित होंगी, जिस रूट से वर्तमान में ग्वालियर-बरौनी मेल का संचालन किया जाता है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 04137 समर स्पेशल ग्वालियर स्टेशन से सुबह 7:10 बजे रवाना होगी। ये ट्रेन डबरा स्टेशन पर 7:46 बजे, दतिया स्टेशन पर 8:15 बजे, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर 8:55 पहुंचेगी। वहां से मोठ, एट होते हुए सुबह 11:43 बजे उरई पहुंचेगी। ये ट्रेन कानपुर स्टेशन पर दोपहर 3:30 बजे पहुंचेगी। ट्रेन के लखनऊ पहुंचने का समय शाम 5:30 बजे का है। इसके बाद ये गोरखपुर, सीवान, छपरा स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 8 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन क्रमांक 04138 सुबह 9:30 बजे बरौनी से प्रस्थान करेगी तथा छपरा, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा बाराबंकी होते हुए रात 1:05 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
ये ट्रेन रात 3:20 बजे कानपुर होते हुए सुबह 5:16 बजे उरई पहुंचेगी। वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन झांसी पर ये ट्रेन सुबह 7:25 बजे पहुंचेगी, जहां इंजन बदलने के बाद इसे ग्वालियर के लिए रवाना किया जाएगा। ये ट्रेन सुबह 10:20 बजे ग्वालियर स्टेशन पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *