संभागीय आयुक्त एवं निगमायुक्त ने किया तिघरा डेम का निरीक्षण
ग्वालियर- गर्मी में शहर की पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिये हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस उद्देश्य से संभागीय आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े एवं नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने शुक्रवार को तिघरा डेम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग एवं पीएचई के अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागीय आयुक्त डॉ. सुदाम खाडे ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की वर्तमान पेयजल व्यवस्था सुचारू बनी रहे इसके लिए अभी से आवश्यक कदम उठायें। शहर को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। इसके साथ ही अन्य आवश्यक दिशा निर्देश भी उन्होंने दिए।
साडा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण
संभागीय आयुक्त डॉ. सुदाम खाडे ने साडा क्षेत्र से निकल जा रहे वेस्टर्न बाईपास का अवलोकन किया तथा साडा क्षेत्र में ही दो बड़े निवेशकों द्वारा किए गए 36 करोड़ के निवेश के बारे में जानकारी ली तथा अन्य निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही एयरपोर्ट से साडा तक प्रस्तावित रोड का अवलोकन किया तथा साडा क्षेत्र में बनाए गए स्टेडियम को भी देखा एवं आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
