बक्से में पाया गया रिटायर्ड होमगार्ड जवान की लाश और नातिन पड़ोसी की छत पर छिपी मिली
ग्वालियर. एक रिटायर्ड होमगार्ड जवान की हत्या कर दी गयी। शव कमरे में बक्से में बंद मिला। उनकी नातिन लापता थी। गुरूवार को रातभर पुलिस उसे तलाशती रहीं। वह शुक्रवार की सुबह लोगों को पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान की छत पर पानी की टंकी के पास छिपी मिली। पुलिस ने उसे निगरानी में लिया है।
शव सड़ चुका है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या होली की रात की गयी होगी और 2 दिन से किशोरी ही परिवार को सूचना दे रही थी कि दादा जी को किसी ने मार दिया है। उसे अंधेरे कमरें में बन्द कर दिया है। पुलिस को मामला प्रेम प्रसंग में हत्या का लग रहा है। कुछ नाम भी सामने आये हैं।
पुलिस ने बताया है कि दतिया के थान गांव पंडोखर निवासी रामस्वरूप राठौर 65, होमगार्ड से रिटायर्ड सैनिक थे। 8 दिन पूर्व ही वह 15 साल की नातिन के साथ ग्वालियर आये थे। यहां माधौगंज के गुढा स्थित कृष्णानगर में भी उनका घर है। नातिन ग्वालियर में ही 10वीं की छात्रा है। अपनी स्कॉलरशिप के सिलसिले में वह साथ आयी थी। होली तक दोनों को आसपास रहने वालों ने देखा और इसके बाद से कोई नजर नहीं आया।
पिता से फोन कर कहा- दादा से कुछ लोग मारपीट कर रहे
होली के अगले दिन (26 मार्च) को छात्रा ने पिता महेश राठौर को फोन कर दतिया में सूचना दी कि कुछ लोग दादा से मारपीट कर रहे हैं। लेनदेन की बात पर झगड़ा कर रहे हैं। छात्रा के पिता ने जब उससे दादा से बात कराने के लिए कहा तो बोली कि दादा जी रुपए लेने गए हैं।
महेश ने पास ही रहने वाले राजेंद्र धाकड़ को जाकर देखने के लिए कहा। जब राजेंद्र रिटायर्ड होमगार्ड जवान के घर पहुंचे तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर कोई नहीं था। उन्होंने महेश को इसकी सूचना दी और ताला लगा दिया।

दोबारा पिता को फोन कर लाश पड़े होने की कहानी सुनाई
गुरुवार (28 मार्च) की शाम छात्रा ने फिर पिता को फोन लगाया। बोली, ‘दादा जी की हत्या कर दी है। लाश कमरे में पड़ी है। मैं किसी अंधेरे कमरे में बंद हूं।’ इसके बाद परिजन ग्वालियर आ गए। पड़ोसी से मकान का ताला खुलवाया। अंदर कोई नजर नहीं आया, लेकिन बदबू आ रही थी। उन्हें लगा कि दोनों लापता हैं, पुलिस को सूचना देने के लिए दस्तावेज-फोटो देने होंगे। इसके लिए उन्होंने बक्सा खोला, तो अंदर शव पड़ा हुआ था। फिर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक एक्सपर्ट सीनियर साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव और फिंगर प्रिंट टीम को भी स्पॉट पर बुलाया गया।
जो लड़के मिलने आते थे, पुलिस को अब उनकी तलाश
पुलिस ने छात्रा को थाने लाकर पूछताछ की तो कुछ नाम सामने आए हैं। जो लड़के उससे मिलने आते थे, पुलिस अब उन्हें तलाश रही है। माधौगंज थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
