शासकीय सेवकों को दिया गया वृहद प्रशिक्षण जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु के 7249 और 12004 दिव्यांग मतदाता
ग्वालियर घर पर वोट डलवाने के दौरान घोषणा पत्र भरवाने में बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की मदद करें। साथ ही घोषणा को सत्यापित करते समय हस्ताक्षर के साथ अपना नाम, पदनाम एवं कार्यालय का नाम स्पष्ट रूप से लिखें, जिससे डाक मत पत्र निरस्त न हों। इस आशय के निर्देश अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार ने डाक मत पत्र डलवाने की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों – कर्मचारियों के प्रशिक्षण के दौरान दिए।
बुधवार को यहाँ जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में आयोजित हुए प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों व कर्मचारियों को बुजुर्गों व दिव्यांग मतदाताओं से उनके घर पर ही वोट डलवाने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। ज्ञात हो भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार के लोकसभा चुनाव में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्ग मतदाताओं और 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले दिव्यांगों को घर पर ही मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। जो बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाता निर्धारित प्रपत्र (12डी) में घर पर ही वोट डालने के लिये अपनी सहमति देंगे, उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी।
ज्ञात हो जिले में 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 7 हजार 249 मतदाता हैं। जिनमें 2 हजार 942 पुरूष, 4 हजार 305 महिला व 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं की संख्या 12 हजार 4 है। जिसमें 7 हजार 65 पुरूष दिव्यांग व 4 हजार 939 महिला दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
कम्युनिकेशन प्लान के संबंध में भी दिया गया प्रशिक्षण
बुधवार को गालव सभागार में कम्युनिकेशन प्लान से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान निर्देश दिए गए कि कम्युनिकेशन प्लान के संबंध में हर मतदान केन्द्र क्षेत्र के टेलीफोन नम्बर का डाटा एकत्रित किया जा रहा है। जिन अधिकारियों व कर्मचारियों की कम्युनिकेशन प्लान में ड्यूटी लगाई गई है, वे अभी से इन फोन नम्बर पर कॉल कर नम्बर का सत्यापन करें। साथ ही यह भी पता लगाएँ कि मतदान केन्द्र पर पेयजल, शौचालय व मतदाताओं के लिये छाया की कैसी व्यवस्था है। प्रशिक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी की सीईओ एवं कम्युनिकेशन प्लान की नोडल अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर भी मौजूद रहीं। राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री एस बी ओझा द्वारा यह प्रशिक्षण दिया गया।
