4 साल लेट चल रहे करोडों का विवेकानंद नीडम रेलवे ओवर ब्रिज 100 दिन में पूरा करने का दावा
ग्वालियर. 7 साल के लंबे इंतजार के बाद विवेकानंद नीडम के पास रेलवे ओवरब्रिंज में रेलवे ने गर्डर लांच और उनके मिलान का काम पूर्ण कर लिया है। अब आरओबी 30 जून 2024 तक ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग ने अंतिम चरण का काम शुरू कर दिया है। 42.80 करोड की लागत के 790 मीटर लंबे इस आरओबी का निर्माण अक्टूबर 2017 में चालू हुआ था। कोविड, रेलवे द्वारा बार-बार डिजाइन बदलने और गर्डर लॉच के लिए ब्राडगेज लाइन ब्लॉक का नहीं मिलना आदि कारण से इसका निर्माण लगातार विलंब हो रहा था।
2 साल पहले हुआ था निर्णय
लेक निर्माण विभाग रेलवे ट्रैक के दोनों ओर कॉलम खडे करने की छत डालने की तैयारी में था लेकिन रेलवे अफसरों ने उन्हें यह कहते हुए रोक दिया था कि अभी कॉलम बन गए तो हमें ट्रैक के ऊपर काम करने में दिक्कत आएगी। रेलवे ने कुछ समय पहले ही ट्रैक के ऊपर ब्रिज के हिस्से का काम पूरा किया है। ऐसे में अब लोक निर्माण विभाग की ब्रिज शाखा ने कॉलम बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। कॉलम बनने के बाद ब्रिज का काम लगभग पूरा हो जाएगा। राजस्व भवन की ओर तो ब्रिज के छोर पर काम पूरा किया जा चुका है अब कलेक्ट्रेट की ओर वाले छोर में दीवार बनाने का काम चल रहा है। यह काम पूरा होते हुए ब्रिज से ट्रैफिक निकलना शुरू हो सकेगा।
डिजाइन में किया गया था चेंज
विवेकानंद नीडम रेलवे ओवर ब्रिज की ड्राइंग-डिजाइन में रेलवे ने फेरबदल किया गया था। इस आरओबी की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट में रेलवे को ब्राडगेज लाइन के ऊपर 60 मीटर का हिस्सा कर गार्डर लॉचिंग करना थी लेकिन बाद में रेलवे 36 मीटर मतलब सेंटर से 18-18 मीटर कवर करने का फैसला लिया। इससे अब लोक निर्माण विभाग की सेतु संभाग शाखा को अतिरिक्त निर्माण और मिलान करना होगा।
मार्च 2020 में पूरा होना था आरओबी का निर्माण
विवेकानंद आरओबी की स्वीकृति 2017 में मिली थी। इसके लिए सरकार ने 42.80 करोड रुप्ए स्वीकृत किए थे। वर्कऑर्डर में इसके निर्माण पूरा होने की टाइम लिमिट 31 मार्च 2020 तक की गई बाद में कोविड और अन्य कारणों से इसका निर्माण में देर होती गई।
30 जून से पहले होगा काम पूरा
रेलवे ने ट्रैक के ऊपर ब्रिज का काम हाल ही में पूरा किया है। अब हम वहां कॉलम व छत का निर्माण कर रहे है। जहां तक पुल के छोर की बात है तो राजस्व भवन की ओर का काम तो लगभग पूरा हो गया है। कलेक्ट्रेट की ओर रिटेनिंग वॉल् सहित अन्य निर्माण कार्य चल रहे है। हमारी कोशिश है कि 30 जून से पहले पुल ट्रैफिक के लिए पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।
-जोगेन्द्र सिंह यादाव कार्यपालन यंत्री, ब्रिज शाखा, लोक निर्माण विभाग
रेलवे ने अपने हिस्से का काम पूरा कर दिया है। अब लोक निर्माण विभाग को अपना काम करना है। निर्माण के दौरान रेलवे लोक निर्माण विभाग को पूरा सहयोग करेगा। हम अपनी सुरक्षा दीवार आदि का काम भ्ज्ञी समय पर पूरा करेंगे। – मनोज कुमार सिंह, PRO , उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल
