135 साल पुराने जेएएच के पत्थर वाले भवन के संरक्षण का फिर नया प्रस्ताव
ग्वालियर. गजराराजा मेडिकल कॉलेज व उससे संबद्ध जयारोग्य अस्पताल समूह के पदेन अध्यक्ष के पद से संभागीय आयुक्त के स्थान पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त को पदस्थ करने के आदेश से पत्थर वाली बिल्डिंग के संरक्षण की डंप फाइल फिर बाहर आ गई है। अब अस्पताल प्रशासन 135 साल पुराने जयारोग्य अस्पताल भवन में मेडिकल म्यूजियम व ऑडिटोरियम बनाने के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त से 14.25 करोड रुपए का लंबित प्रस्ताव स्वीकृत करने का नए सिरे से आग्रह करेगा। चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त जो कि अब जीआर मेडिकल कॉलेज के पदेन अध्यक्ष भी होंगे, वो ये राशि ऑटोनोमस फंड से दे सकते है। यदि इसके बाद भी संरक्षण के लिए राशि नहीं मिली तो फिर आईएमए सहित अन्य किसी संस्थान को भी भवन देने पर विचार कर सकता है।
मप्र का पहला व देश का 17वां मेडिकल कॉलेज
पत्थर वाली बिल्डिंग की बदौलत ही जीआर मेडिकल कॉलेज अस्तित्व में आया था। ये मध्य प्रदेश का पहला और देष का 17वां मेडिकल कॉलेज था। इसमें एक्सीपेरमेंटल सर्जरी से लेकर उस जामाने की हर तरह की आधुनिक सुविधाएं थे। तब यहां ऑपरेशन टेबल लेकर लैब एक्यूमेंट तक सब इंग्लैंड आए थे। इन्हीं उपकरणों को मेडिकल म्यूजियम में रखा जाना है।
पहले स्वीकृत हुए थे 10 करोड
एक हजार बिस्तर नए अस्पताल भवन के निर्माण की मुख्य सचिव की अध्यक्षता में जो डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट फाइनल हुई थी उसमें 10 करोड रुपए का प्रावधान किया गया था। 10 करोड रुपए में इंटेक से 134 साल पुराने ऐतिहासिक भवन का संरक्षण कराया जाना था लेकिन 2020 में कोविड के दौरान अतिरिक्त कार्य में इस बजट का उपयोग कर लिया गया बाद में पीआईयू ने इस राशि का मद बदलवा लिया, इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सा शिक्षा विभाग से बजट मांगा लेकिन आर्थिक तंगी के कारण से प्रस्ताव भी निरस्त हो गया। वर्ष 2023 में अस्पताल प्रशासन ने 14.25 करोड रुपए भारतीय पुरात्तव सर्वेक्षण से मांगे थे।
450 बेड थे जेएएच में
पत्थर वाले भवन में 450 बेड मरीजों के लिए थे। इसमें केवल पुरूष मरीजों को भर्ती किया जाता था। महिला एवं बच्चों के लिए कमलाराजा अस्पताल था। वर्ष 1889 में बनकर तैयार हुए जेएएच का यह भवन जर्जर हो गया था इसलिए एक हजार बिस्तर का नया अस्पताल ग्वालियर पॉटरीज की जगह पर बनाया गया। नए भवन में मेडिसिन सर्जरी, ईएनटी, अस्थि रोग विभाग संचालित होते है। गौरतलब है कि वर्तमान में जेएएच भवन का हाल खराब है। ऐसे में पीडब्ल्यूडी ने लोगों को भवन से दूर रहने का संदेश देते नोटिस लगा रखे है।
आईएमए या अन्य संस्थान को देने पर करेंगे विचार
जयारोग्य अस्पताल समूह के भवन का संरक्षण इंटेक से कराया जाना है। अब वरिष्ठ अफसरों से चर्चा कर संरक्षण के लिए नए सिरे से राशि आवंटन की मांग की जाएगी। इसके लिए कम से कम 14.25 करोड रुपए राशि आवश्यक है। यदि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन या कोई अन्य समाजसेवी संस्था इसके संरक्षण के लिए भवन मांगती है तो उस पर भी वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
डॉ. अक्षय निगम, डीन जीआर मेडिकल कॉलेज
नए सिरे से भेजेंगे भवन के रेनोवेशन का प्रस्ताव
जयारोग्य अस्पताल समूह का 135 साल पहले बना पत्थर वाला भवन शानदार महल जैसा है। जरूरत इसके संरक्षण है। पहले हमने इसके रेनोवेशन के लिए 14.24 करोड रुपए का प्रस्ताव भारतीय पुरात्तव सर्वेक्षण को भेजा था साथ ही प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा विभाग से भी मांग की थी। अब इस संबंध में जो नया आदेश जारी हुआ है उसके परिपेक्ष्य में नया प्रस्ताव तैयार करके भेजा जाएगा।
डॉ. आरकेएस धाकड, संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक
