माँ अष्ट लक्ष्मी ने किया नगर भ्रमण, लोगों ने पाँव पखार कर लिया आर्शीवाद
ग्वालियर-जौरासी अष्ट महालक्ष्मी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के 5वे दिन आज श्री अष्ट महालक्ष्मी के आठों स्वरूप एवं कुबेर महाराज ने दोपहर बाद नगर भ्रमण किया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद श्रद्धालु वाहनों बैण्ड बाजों के साथ मैय्या एक दर्जन से अधिक वाहनों में सवार होकर मैय्या ने सर्वप्रथम जौरासी हनुमान मंदिर, बसैया माता मंदिर, रामजानकी मंदिर, गिर्राज जी मंदिर, विष्णु मंदिर सहित जौरासी गाँव का भ्रमण कर वापस मंदिर में प्रवेश किया। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा एवं फूलमाला पहनाकर जगह-जगह स्वागत किया। जौरासी गांव में भी प्रत्येक घर में मैय्या का स्वागत एवं चरण पखार कर आर्शीवाद लिया गया। मुख्य यजमान सरेश चतुर्वेदी, प्रेमसिंह भदौरिया ने सपत्नीक मैय्या को नगर भ्रमण कराने अपनी गोद में रखकर ले गए। जौरासी मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्री अष्ट महालक्ष्मी मंदिर का निर्माण किया गया है। सभी 11 मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 1 से 7 मार्च तक जौरासी स्थित श्री अष्ट महालक्ष्मी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव मुख्य आचार्य श्री गोपाल शर्मा के निर्देशन में बनारस के 11 प्रकाण्ड विद्वानों द्वारा किया जा रहा है। जिसमें आज सुबह स्थापित देवी देवताओं, पीठ आदि के प्रारंभिक पूजन के उपरांत सभी मूर्तियों का फल अधिवास, मिष्ठान अधिवास, पुष्प अधिवास किया गया। इसके उपरांत हवन इत्यादि पूजा पाठ मुख्य यजमान द्वारा किया गया। दोपहर 2.30 बजे मैय्या की सभी मूर्तियों को निकालकर 111 कलशों से जिसमें विभिन्न नदियों, तीर्थों का जल भरा गया था स्नान कराया गया। साथ ही विद्वान आचार्यों द्वारा अभिषेक भी किया गया।
क्विंटलों फल, फूल, मिष्ठान से हुआ मैय्या का अधिवास
अष्ट महालक्ष्मी मैय्या का चार क्विंटल पुष्प, एक क्विंटल मिठाई, 50 किलो घी से श्री अष्ट महालक्ष्मी जी का अधिवास कराया गया। सर्वप्रथम पुष्प से जिसमें 2 क्विंटल गुलाब के फूल, 2 क्विंटल गेंदा एवं अन्य फूल शामिल थे। 1 क्विंटल मिष्ठान जिसमें 25 किलो लड्डू, 25 किलो बर्फी, 25 किलो बालूशाई एवं मिक्स 25 किलो अन्य मिठाइयां के साथ मैय्या का अधिवास कराया गया। दो घंटे बाद मैय्या को बाहर निकालकर स्नान आदि पूजा पाठ किया गया।
मैय्या को दर्पण दिखाते ही अपने आप खुली आंखों पर बंधी सफेद पट्टी
श्री अष्ट महालक्ष्मी जी एवं कुबेर जी महाराज के अधिवास व स्नान के उपरांत गणेश, सरस्वती, गजलक्ष्मी, अधिलक्ष्मी, विजय लक्ष्मी, एश्वर्या लक्ष्मी, वीर लक्ष्मी, धान्य लक्ष्मी, संतान लक्ष्मी का मुख दर्पण में दिखाया गया साथ ही वैदिक मंत्रों का उच्चारण एवं अनुष्ठान किया गया। मंत्र शक्ति के प्रभाव से मैय्या का मुख दर्पण के सम्मुख आते ही महालक्ष्मी की आंखों पर बंधी सफेद पट्टी अपने आप खुल गई। यह चमत्कार मंदिर में मौजूद सभी लोगों ने देखा।
7 मार्च को एक लाख लोगों का होगा भण्डारा
7 मार्च को मंदिर में एक लाख श्रद्धालुओं के लिए भण्डारे का आयोजन किया गया है। जिसमें 500 क्विंटल बूंदी, आलू की सब्जी और पूड़ी बनाई जाएगी। 500 क्विंटल बूंदी में 300 टीन घी, 200 क्विंटल शक्कर, 200 क्विंटल बेसन लगेगा। भण्डारे निर्माण के लिए 21 भट्टियां बनाई गई हैं। प्रसादी सभी को प्राप्त हो इसके लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा पूड़ी, सब्जी, बूंदी बांटने के लिए अलग-अलग लोग लगाए गए हैं। जिसमें 300 लोगों को पूड़ी बांटने के कार्य में लगाया गया है। 300 लोगों को सब्जी 300 लोगों को बूंदी बांटने के कार्य में लगाया गया है। सभी को आज कार्ड वितरित कर दिए गए हैं। हर व्यक्ति का कार्ड निर्धारित कर दिया गया है।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं अष्ट महालक्ष्मी का लोकार्पण करेंगे अवधेशानंद जी गिरी महाराज
अष्ट महालक्ष्मी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 7 मार्च को सुबह 11.30 बजे से अष्ट महालक्ष्मी मंदिर परिसर में होगा। मुख्य अतिथि आचार्य महामंडलेश्वर जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद जी गिरी महाराज होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे विशेष अतिथि के रूप में केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर होंगे।
