EPFO क्षेत्रीय कार्यालय -प्रधानमंत्री ने कर्मचारियों के खातों में उनके हक का रूपया पहुँचाया है – नरेन्द्र सिंह तोमर

ग्वालियर – कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के क्षेत्रीय कार्यालय भवन के रूप में ग्वालियर के विकास में एक और नया आयाम जुड़ा है। केन्द्रीय श्रम, रोजगार, पर्यावरण व वन मंत्री भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केन्द्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने वर्चुअल और यहाँ ग्वालियर में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर व सांसद विवेक शेजवलकर ने फीता काटकर हजीरा थाने के समीप नवनिर्मित ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय भवन का उदघाटन किया। हजीरा थाने के समीप लगभग 12 हजार 422 वर्गफुट क्षेत्र में भूतल सहित 3 मंजिल में सर्वसुविधायुक्त यह कार्यालय भवन बनाया गया है।
उदघाटन समारोह को वर्चुअल संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बात को भलीभाँति समझा है और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास व सबका कल्याण का नारा देकर कर्मचारियों के कल्याण के लिये कारगर कदम उठाए हैं। उन्होंने देश में नई कार्य पद्धति विकसित की है, जिससे अब सरकार जरूरतमंदों के द्वार पर पहुँचकर योजनाओं का लाभ दे रही है। इसी तरह कर्मचारी भविष्य निधि संगठन भी कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान कर रहा है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा वर्चुअली एयर टर्मिनल का लोकार्पण किया जायेगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के एयर टर्मिनल, अत्याधुनिक स्टेशन, एलीवेटेड रोड़ निर्माण इत्यादि का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्वालियर में विकास के नए-नए अध्याय जुड़ रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि पहले एक नौकरी छोड़कर दूसरी नौकरी पर जाने वाले श्रमिकों का पैसा भविष्य निधि में ही जमा रह जाता था। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पहल पर सभी गरीब श्रमिकों का एक – एक पैसा उनके बैंक खाते में पहुँचाया है। पहले भविष्य निधि संगठन 6500 रूपए तक वेतन की सीमा तक के श्रमिकों को कवर करता था। अब यह सीमा बढ़ाकर 15 हजार रूपए कर दी गई है। जिससे लाभान्वित होने वाले श्रमिकों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने यह भी कहा कि पहले 11 करोड़ 74 लाख श्रमिकों के भविष्य निधि संगठन में खाते थे जो बढ़कर 30 करोड़ हो गए हैं।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन एक लाख कर्मचारियों एवं 30 हजार पेंशनरों की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय भवन के निर्माण से ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी आठ जिलों सहित राजगढ़ जिले के कर्मचारियों को सहूलियत मिलेगी।
वृक्षारोपण भी किया 
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय भवन परिसर में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य अतिथियों ने वृक्षारोपण भी किया। अतिथियों ने इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *