युवक से मारपीट करने पर सीईओ निलंबित, सीएम हेल्पलाइन बंद कराने को बाथरूम में की मारपीट
गुना. चांचौड़ा जनपद में युवक से मारपीट करने वाले जनपद सीईओ को निलंबित कर दिया गया है। शुक्रवार की देर शाम शासन ने इसके आदेश जारी कर दिये हैं। युवक से मारपीट के मामले में जनपद सीईओ गगन बाजपेई पर एफआईआर हुई थी। उन पर आरोप था कि सीमए हेल्पलाईन बन्द कराने के लिये उन्होंने युवक को बाथरूम में बंद कर दिया और बेल्ट से मारा। निलंबन अवधि में उन्हें अशोकनगर अटैच कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
बुधवार को चांचौड़ा जनपद CEO गगन बाजपेयी का एक वीडियो सामने आया था। इसमे वह जनपद में आये एक युवक को गर्दन पकड़कर ले जाते हुए दिख रहे थे। भगवत मीना ने बताया कि वह बुधवार को चांचौड़ा के जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनके नाम पर कपिलधारा के कुएं के 3.50 लाख रुपये निकाल लिए हैं। सरपंच-सचिव ने मिलकर पैसे निकाल लिए हैं। इसकी शिकायत उन्होंने CM हेल्पलाइन में की हुई है। जनपद में भी इसकी शिकायत की है। वह आवेदन देने जनपद कार्यालय पहुंचे थे। वह आवेदन में पोइच रहे थे कि उनकी शिकायत पर क्या कार्यवाई हुई है। भगवत ने आरोप लगाया कि इसी दौरान CEO गगन बाजपेयी ने उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। वहां बेल्ट से मारपीट की गई। इसके बाद उसकी गर्दन पकड़कर बाहर लेकर गए। इसी दौरान कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो में जनपद CEO गगन बाजपेयी युवक की गर्दन पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सीईओ गगन बाजपेई और सीओ कदम सिंह मीणा पर FIR
वीडियो सामने आने के बाद युवक की शिकायत पर चांचौड़ा थाने में जनपद सीईओ गगन बाजपेई और सीओ कदम सिंह मीणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी थी। वहीं जनपद सीईओ की शिकायत पर भगवत मीणा के खिलाफ भी शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और गाली गलौच की धाराओं में प्रकरण पंजीकरण किया गया था। शुक्रवार को विभाग ने सीईओ गगन बाजपेई को निलंबित कर दिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिये हैं। निलंबन की अवधि में उन्हें अशोकनगर अटैच किया गया है।
