BJP के प्रत्याशियों की सूची में हो सकते हैं किसान, गरीब और महिलाओं के नाम
भोपाल. मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी आज पहली सूची जारी कर सकती है। गुरूवार को नई दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक होने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को मध्य प्रदेश के नेताओं के साथ केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली में लोकसभा टिकट के मुद्दे पर लंबी चर्चा की। इसमें रायशुमारी की रिपोर्ट से लेकर बडे नेताओं की पसंद के नाम पर भी विस्तार से बातचीत हुई।
पार्टी ने प्रदेश के नेतओं का रूझान जानने के बाद जो संकेत दिए है उसके अनुसार भाजपा मध्य प्रदेश में ज्यादातर नए चेहरों पर दांव लगाएगी। खासतौर पर तीन से अधिक बार चुनाव लडने वाले सांसदों को टिकट देने से पार्टी परहेज कर रही है। इनकी जगह किसान, गरीब, युवा और महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकेत दिए थे कि उनकी नजर में केवल गरीब, किसान, युवा और महिलाओं की ही चार जातियां है।

